सहारनपुर : सहारनपुर पुलिस ने “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना तीतरों इलाके से तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 611 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस तस्करों के आकाओं तक पंहुचने के आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
आपको बता दें कि सहारनपुर पुलिस ने इन दिनों नशा तस्करों के ख़िलाफ़ विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” चलाया हुआ है। अभियान का उद्देश्य सहारनपुर परिक्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना है।
एसएसपी सहारनपुर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना तीतरों प्रभारी विकास चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान ग्राम बरसी मोड़ स्थित विश्राम गृह के पास तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इरफान पुत्र जमशेद निवासी कुतुबखेड़ी थाना गंगोह, परवेज पुत्र मतलूब निवासी नवाजपुर थाना नकुड़ तथा सालिम पुत्र अली हसन निवासी ग्राम चोतरा थाना झिंझाना जनपद शामली के रूप में हुई है।
एसपी देहात मयंक पाठक आरोपियों के खिलाफ थाना तीतरों में नशा तस्करों के ख़िलाफ़ धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे स्मैक तीन अन्य व्यक्तियों से लेकर आए थे, जिन्होंने उन्हें बिक्री के लिए यह स्थान बताया था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि सालिम को 43 ग्राम स्मैक पहले ही बेची जा चुकी थी और उसके पैसे पहले से ही अन्य तस्करों द्वारा ले लिए गए थे।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के “फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक” खंगाल रही है ताकि सप्लाई चेन से जुड़े अन्य तस्करों तक पहुंचा जा सके। गिरफ्तार अभियुक्त सालिम के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार, हेड कांस्टेबल हनी सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार, रविंद्र कुमार और रवि कुमार पिप्पल शामिल रहे। सहारनपुर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

