20 साल पुराने जमीन विवाद में आजम खान को पुलिस का नोटिस, आवास पर आधे घंटे इंतजार के बाद अधिवक्ता को सौंपा

Azam Khan Realese from Sitapur Jail

रामपुर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। करीब 20 साल पुराने जमीन विवाद से जुड़े मुकदमे में रविवार को पुलिस नोटिस लेकर उनके आवास पहुंची। पुलिस टीम ने करीब आधे घंटे तक आजम खान से मुलाकात का इंतजार किया, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने उनके अधिवक्ता को नोटिस सौंप दिया और वापस लौट गई।

दरअसल, थाना पटवाई के प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ आजम खान के आवास पहुंचे थे। यह कार्रवाई वर्ष 2007 में दर्ज एक मुकदमे की जांच के सिलसिले में की गई। पुलिस टीम करीब 30 मिनट तक आवास पर मौजूद रही। आजम खान से मुलाकात नहीं होने पर उनके अधिवक्ता को नोटिस दिया गया।

2006 की जमीन से जुड़ा है मामला

पूरा विवाद वर्ष 2006 में थाना गंज क्षेत्र के तूती वाले मकबरे के पास स्थित जमीन से कब्जा हटवाने की प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़ा है। इस कार्रवाई के खिलाफ मोहल्ला सराय शहादत यार निवासी अफसर अली खान ने शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि संबंधित जमीन अफसर अली खान की थी और प्रशासन ने बिना नोटिस दिए ही वहां से कब्जा हटवा दिया था। इस कार्रवाई के पीछे आजम खान का इशारा होने का आरोप भी लगाया गया था। इसी शिकायत के आधार पर वर्ष 2007 में मुकदमा दर्ज किया गया था।

आजम खान और तत्कालीन एसडीएम का नाम शामिल

इस मुकदमे में आजम खान के अलावा तत्कालीन एसडीएम नलिन सिंह अवस्थी का नाम भी शामिल किया गया था। हालांकि, इस मामले से जुड़े शिकायतकर्ता अफसर अली खान और तत्कालीन एसडीएम नलिन सिंह अवस्थी, दोनों का निधन हो चुका है। वर्तमान में इस मामले में जुल्फिकार पैरवी कर रहे हैं।

एसपी ने बताई नोटिस देने की वजह

पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2007 में जमीन से कब्जा हटवाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच थाना पटवाई के प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार शर्मा को सौंपी गई है। इसी जांच के सिलसिले में वह पुलिस टीम के साथ आजम खान के आवास पर नोटिस लेकर पहुंचे थे।

करीब दो दशक पुराने इस जमीन विवाद में पुलिस की ताजा कार्रवाई के बाद आजम खान से जुड़ा मामला फिर चर्चा में आ गया है। अब आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच पर सबकी नजर बनी हुई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts