लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब चुनावी रणनीति बनाने से पहले प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों का जमीनी फीडबैक जुटाने में जुट गई है। इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों को 10-10 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नेताओं को 30 नवंबर तक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों का दौरा कर प्रदेश नेतृत्व को रिपोर्ट सौंपनी होगी। रिपोर्ट के आधार पर पार्टी आगे की चुनावी रणनीति तैयार करेगी।
403 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे वरिष्ठ नेता
भाजपा ने आगामी चुनाव को देखते हुए सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की स्थिति का आकलन करने का फैसला किया है। जिन नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है, वे अपने निर्धारित क्षेत्रों में प्रवास करेंगे। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की सक्रियता और चुनावी तैयारियों की जानकारी लेंगे।
इसके अलावा गांवों और कस्बों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से भी बातचीत की जाएगी। नेता सरकार के कामकाज, योजनाओं के क्रियान्वयन और जनता के बीच पार्टी की छवि को लेकर फीडबैक जुटाएंगे। जिन क्षेत्रों में संगठन मजबूत है, उनकी जानकारी ली जाएगी। वहीं कमजोर सीटों पर पार्टी की स्थिति सुधारने के लिए जरूरी सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल किए जाएंगे।
भाजपा की इस कवायद में स्थानीय लोगों की नाराजगी और समस्याओं को भी प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। नेताओं को यह पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई है कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तव में लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं और जनता की क्या शिकायतें हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी।
30 नवंबर तक सभी नेताओं को अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपनी होगी। इन रिपोर्टों के आधार पर पार्टी उन विधानसभा क्षेत्रों की पहचान करेगी, जहां संगठन को अतिरिक्त मेहनत करने की जरूरत है। इसके बाद कमजोर क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने और चुनावी तैयारी मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं।
दिसंबर में यूपी के दौरे पर आ सकते हैं अमित शाह
चुनावी तैयारियों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दिसंबर से उत्तर प्रदेश के संभावित दौरों की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि उनके दौरों के दौरान उन विधानसभा सीटों पर विशेष ध्यान दिया जा सकता है, जहां पिछले चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था या पार्टी की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर रही है।
हालांकि, अमित शाह के दौरों का अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। उनके संभावित प्रवास को भी भाजपा की आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
छह संगठनात्मक क्षेत्रों में बांटा गया प्रदेश
भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अवध, काशी, पश्चिम, ब्रज, गोरखपुर और कानपुर-बुंदेलखंड सहित छह संगठनात्मक क्षेत्रों में बांटकर काम शुरू किया है। प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
इन प्रभारियों को कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने, संगठन की गतिविधियां बढ़ाने और चुनावी तैयारियों की निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखना है।
SSR को लेकर विनोद तावड़े ने दिए निर्देश
इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने सोमवार को सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में संगठन की तैयारियों के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SSR) पर चर्चा की गई। विनोद तावड़े ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण के काम को गंभीरता से लें और कार्यकर्ताओं को इसमें सक्रिय करें।
पार्टी का प्रयास है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची की जांच करने, नाम जुड़वाने और विवरण में गलती होने पर संशोधन कराने की जानकारी देंगे।
भाजपा की नजर अब संगठनात्मक मजबूती, जनता के फीडबैक और बूथ स्तर की तैयारियों पर है। 30 नवंबर तक मिलने वाली रिपोर्ट और आगामी संगठनात्मक बैठकों के आधार पर 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति को आगे बढ़ाया जाएगा।

