मेरठ : सौरभ की हत्या कर उसके शव के टुकड़े कर ड्रम में भरने वाली मुस्कान का शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड हुआ। इस दौरान वह 50 दिन की गर्भवती पाई गई। यह बच्चा उसके पति सौरभ का है या प्रेमी साहिल का? यह बड़ा सवाल है। सौरभ के परिजनों ने इस सच्चाई को सामने लाने के लिए डीएनए टेस्ट की मांग की है।

आपको बता दें कि शुक्रवार को सुबह 11.45 बजे पति की क़ातिल मुस्कान को मेरठ जेल से वैन में मेडिकल कॉलेज लाया गया। वैन में जेल का एक फार्मासिस्ट भी मौजूद था। मुस्कान वैन से उतरी तो बाहर पुलिस, मीडिया और अन्य लोगों की भीड़ थी। मुस्कान पुलिस अभिरक्षा में स्त्री रोग विभाग गई। यहां महिला डॉक्टर ने उसका अल्ट्रासाउंड किया। अल्ट्रासाउंड में वह 7 हफ्ते (50 दिन) की गर्भवती पाई गई। जांच के बाद मुस्कान तेजी से वैन की तरफ भागी। उसने अपना चेहरा और सिर लाल दुपट्टे से ढक रखा था। पुलिस ने उसे वैन में बैठाया और छोड़ दिया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे उसे फिर से जेल में दाखिल किया गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि मुस्कान को अल्ट्रासाउंड के लिए लाया गया था। इसके बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया। डॉक्टर के मुताबिक मुस्कान करीब 50 दिन पहले गर्भवती हुई थी। यह वही समय था, जब सौरभ लंदन से मेरठ आया था। यानी 22 फरवरी का दिन। वहीं मुस्कान इस दौरान अपने प्रेमी साहिल के संपर्क में भी थी। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि मुस्कान किसके बच्चे की मां बनने वाली है।

दरअसल सौरभ 22 फरवरी को मेरठ आया था। उसने सबसे पहले अपनी बेटी का जन्मदिन मनाया। इसके बाद उसने अपनी पत्नी मुस्कान का जन्मदिन भी मनाया। मुस्कान और सौरभ 22 फरवरी से 3 मार्च तक एक दूसरे के साथ थे। इस बीच उनके बीच झगड़े की कोई बात सामने नहीं आई। प्रेग्नेंसी पीरियड के हिसाब से बच्चे का पिता सौरभ हो सकता है, क्योंकि सौरभ के मेरठ आने के बाद मुस्कान उस दौरान साहिल से कम ही मिली।
सौरभ के भाई राहुल राजपूत का कहना है कि पुलिस को कानूनी प्रक्रिया के तहत बच्चे का डीएनए टेस्ट कराना चाहिए। जिससे यह साफ हो सके कि बच्चे का असली पिता कौन है। उन्होंने कहा कि अगर यह बच्चा सौरभ का है तो परिवार वाले उसका पालन पोषण करेंगे। अगर यह बच्चा साहिल का है तो हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। दूसरी तरफ, मुस्कान-साहिल 2019 से एक-दूसरे के करीब आने लगे थे। दोनों के बीच अवैध संबंध भी थे। सौरभ के मकान मालिक ओमपाल ने खुद मुस्कान, साहिल को कमरे में आपत्तिजनक हालत में देखा था। उन्होंने इसकी जानकारी सौरभ को दी। इसके बाद मुस्कान और सौरभ में झगड़ा होने लगा। दूसरी तरफ, यह बच्चा साहिल का भी हो सकता है।

3 मार्च को सौरभ की हत्या करने के बाद साहिल और मुस्कान 17 मार्च तक एक-दूसरे के साथ थे। 4 मार्च को मेरठ से शिमला जाने के बाद दोनों ने वहीं शादी कर ली। इसके बाद उन्होंने अपना हनीमून मनाया। 15 दिन के टूर के दौरान दोनों 24 घंटे एक-दूसरे के साथ थे। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इसी बच्चे की वजह से सौरभ की हत्या तो नहीं की गई।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...