मां शाकुंभरी की ज्योत लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर, 4 की मौत, दो दर्जन घायल

सहारनपुर : मां शाकुंभरी देवी के दरबार से ज्योत लेकर घर लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब देवबंद थाना क्षेत्र में उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में सवार कई श्रद्धालु उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक, मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र के गांव कुशावली के श्रद्धालु नवरात्र के अवसर पर मां शाकुंभरी देवी की ज्योत लेने आए थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। रातभर सफर करने के बाद वे देवबंद में चाय-पानी के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से आए कंटेनर ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे में श्रद्धालुओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला। सड़क पर घायल लोग दर्द से कराहते रहे, जबकि आसपास मौजूद लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की।

हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं में 22 वर्षीय सागर और 40 वर्षीय सत्येंद्र की पहचान हुई है। दोनों गांव कुशावली के निवासी बताए गए हैं। हादसे में कुल चार श्रद्धालुओं की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं, घायलों की संख्या करीब 20 से 25 बताई जा रही है। हालांकि, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोगों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, ट्रॉली में करीब 16 से 17 लोग सवार थे, जबकि कुछ श्रद्धालुओं ने संख्या इससे अधिक बताई है।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

हादसे की खबर गांव कुशावली पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। जिन घरों में माता रानी की ज्योत के साथ श्रद्धालुओं के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां अपनों को खोने का दुख पसरा हुआ है। श्रद्धालु सुनील के मुताबिक, सभी लोग मां शाकुंभरी देवी की ज्योत लेकर अपने गांव लौट रहे थे। देवबंद में चाय-पानी के लिए रुकना उनके सफर का सामान्य पड़ाव था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की रफ्तार से जुड़े खतरों को सामने लाता है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts