देश में कास्ट बेस्ड राजनीति नहीं होनी चाहिए, यह हानिकारक – मनोहर लाल

चंडीगढ़,10 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री व भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी से नई दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात कर उन्हें सर्वोच्च उपाधि भारत रत्न मिलने पर बधाई दी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आडवाणी को हरियाणा में चलाई जा रही योजनाओं व कार्यों की जानकारी देते हुए नौ सालों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक भी भेंट की। लाल कृष्ण आडवाणी ने हरियाणा में किये जा रहे कार्यों पर प्रसन्नता जताई।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने की घोषणा के बाद पहली बार उनसे मिलने पहुंचे थे और इस मौके पर दोनों नेताओं के बीच विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी हमेशा आगे बढ़ने का हौसला देते हैं, सभी को साथ लेकर आगे बढ़ते रहे हैं। उनसे मिलने में विशेष स्नेह की अनुभूति होती है।

उन्होंने कहा कि एक माह में भारत सरकार ने पांच विशेष विभूतियों को भारत रत्न दिया है, यह बहुत सराहनीय कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर विभूति की अपनी विशेषता हैं। एक बात स्पष्ट रूप से ध्यान में आती है कि यह सब किसी भी व्यक्ति के देश के प्रति जो योगदान होता है, उसकी पहचान कर सम्मानित करने का विषय है। यह राजनीति से ऊपर उठकर निर्णय किए गए हैं।

प्रतिभा खोज में जातियां नहीं, काम के आधार पर होता है फैसला: सीएम मनोहर लाल

        मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न देश के प्रति संबंधित व्यक्ति के योगदान को देखकर दिया जाता है। प्रतिभा खोज में जातियां नहीं, बल्कि काम देखा जाता है। चाहे जाति कोई भी हो, उल्लेखनीय कार्य के आधार पर ही चयनित किया जाता है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जाति की विचारधारा में कभी बंधे हों। कास्ट बेस्ड पॉलिटिक्स देश में कभी भी नहीं होनी चाहिए, यह तो हानिकारक है। जो लोग कास्ट बेस्ड पॉलिटिक्स की सोचते हैं, वे अच्छा नहीं कर सकते।

        केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खासकर किसानों के 13 फरवरी के दिल्ली कूच को लेकर सभी व्यवस्थाएं ठीक रहे, शांति बनी रहे, इस प्रकार की सारी बातें हुई है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि दिल्ली हरियाणा का लगभग केंद्र है। हरियाणा के कार्यों के लिए दिल्ली आते रहते हैं। स्वाभाविक है कि हमारे नेताओं व गणमान्य लोगों से यहां मुलाकातें होती हैं। समसामयिक विषयों पर चर्चा होती है और राजनीतिक लोगों से भी मुलाकातें होती रहती है।

संसद में श्री राम मंदिर को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी प्रस्ताव आता है, तो उनकी भावना को देखकर सांसद उस पर विचार प्रकट करते हैं। यह जो प्रस्ताव आया है, जरूर इसका लाभ सबको मिलेगा। राज्यसभा के सदस्य के नामांकन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्टी का पार्लियामेंट्री बोर्ड तय करता है और जो वह तय करेगा वही होगा।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *