युवा समाज व राष्ट्र निर्माण में लगाएं अपनी ऊर्जा – गुप्ता

चंडीगढ़, 12 अगस्त। हरियाणा के स्वास्थ्य, आयुष एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि हमारी आजादी के 77 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं और हम आगामी 15 अगस्त को आजादी की 78वीं वर्षगांठ मनाएंगे। यह आजादी हमें हमारे देश के वीर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन की शहादत देकर मिली है।

डॉ. कमल गुप्ता आज सिरसा में हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान डा. कमल गुप्ता ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय प्रतिज्ञा भी दिलवाई तथा विद्यालय को दो लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि आज हमारा देश पूरे विश्व में बलशाली होकर उभर रहा है और उन्नति के शिखर पर है। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और युवा ऊर्जा का भंडार होते हैं। युवाओं को समाज व राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। शान से लहराते तिरंगे को देखकर हमारा रोम-रोम देशभक्ति की भावना से भर जाता है वहीं हमारे अंदर एक जोश का संचार होता है। 

उन्होंने कहा कि नागरिक न केवल अपने घरों पर तिरंगा फहराएं बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी तिरंगा फहराने के लिए जागरूक करें। सभी मकानों के साथ-साथ दुकानों, प्रतिष्ठानों, सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों पर तिरंगा फहराएं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts