सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शिवकुटी मंदिर की जमीन पर बनी दुकानों को लेकर व्यापारियों और नाथ संप्रदाय के साधुओं के बीच विवाद चल रहा था। 11 मार्च को हुए विवाद के चलते भाजपा के जिला मंत्री विवेक प्रेमी पर भी मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने कल भाजपा नेता विवेक प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। विवेक प्रेमी के जेल जाने के बाद उसके परिजन और व्यापारी शामली शिव चौक पर धरने पर बैठ गए। जिसके चलते आज संजीव बालियान व्यापारियों के धरने के बीच मुजफ्फरनगर से शामली पहुंचे हैं।

संजीव बालियान ने कहा है कि पुलिस ने विवेक प्रेमी पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। 2015 में विवेक प्रेमी गोरक्षा के मामले में जेल गए थे और अब व्यापारियों की आवाज उठाने पर जेल गए हैं। विवेक पर फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया है। 2015 में समाजवादी पार्टी का घमंड टूटा था और पुलिस का घमंड भी टूटेगा। यहां मंदिर भी हमारा है और मंदिर में बनी दुकान भी हमारी है। ये कौन से संत हैं? इनके तो बच्चे भी नहीं हैं, फिर इनमें ऐसा कौन सा लालच है कि ये यहां अपना कब्जा जमाना चाहते हैं।
आपको बता दें कि मामला उत्तर प्रदेश के शामली जिले का है। जहां शामली बाजार के बीचों-बीच शिवकुटी मंदिर है। जिसके बाहर कई दुकानें बनी हुई हैं। कुछ समय पहले इन दुकानों का किराया मंदिर समिति को जाता था। जिसमें से 9 दुकानें ऐसी हैं, जिनकी सेल डीड दुकानदार के नाम हो चुकी है। उसी दौरान नाथ संप्रदाय के संत आए और सेल डीड को फर्जी बताते हुए दुकानों को किराए पर देने को कहा। इसको लेकर काफी विवाद हुआ।
विवाद के चलते करीब चार दुकानदारों ने रेंट एग्रीमेंट भी करा लिया है, लेकिन एक दुकानदार ऐसा है, जिसकी सेल डीड को लेकर संतों और व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। इस विवाद के बीच व्यापारियों की तरफ से भाजपा के जिला मंत्री विवेक प्रेमी भी पहुंच गए। जिसमें संतों ने विवेक प्रेमी समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें विवेक प्रेमी के खिलाफ 307 समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सदर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को विवेक प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल जाने से कुछ दिन पहले विवेक प्रेमी ने व्यापारियों के साथ मुजफ्फरनगर में भाजपा के पूर्व मंत्री संजीव बालियान से उनके आवास पर मुलाकात की थी। उन्होंने संतों और व्यापारियों के बीच हुए विवाद पर चर्चा की थी। कल सोमवार को विवेक प्रेमी के जेल भेजे जाने के बाद आज संजीव बालियान व्यापारियों के धरने में पहुंचे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
संजीव बालियान ने कहा है कि पुलिस और प्रशासन एक तरफा कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने झूठा मुकदमा दर्ज कर विवेक प्रेमी को जेल भेजा है। मैं व्यापारियों के साथ खड़ा हूं। मंदिर हमारा है, संतों द्वारा किसी दुकान पर कब्जा नहीं करने दिया जाएगा और न ही कोई दुकान खाली होने दी जाएगी। इन लोगों को तो यह भी पता नहीं है कि शामली जिले के मंदिरों की जिम्मेदारी इनको किसने दी है। इनके बच्चे भी नहीं है फिर पता नहीं इनको क्या लालच है कि ये व्यापारियों को परेशान कर रहे हैं। दुकानें खाली करवा कर अपना कब्जा जमाना चाहते हैं। अगर पुलिस प्रशासन इसी तरह अड़ा रहा तो इलाके के लोग भी यहां पर इकट्ठा हो जाएंगे। फिर चाहे जो भी हो पुलिस प्रशासन को सहना पड़ेगा क्योंकि हम व्यापारियों को परेशान नहीं होने देंगे। Shamli News
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...