मेरठ : शादी को अभी दो महीने ही बीते थे कि कुछ ऐसा हुआ कि पति के पैरों तले जमीन खिसक गई। नई जिंदगी की शुरुआत पर ग्रहण लग गया। पति बीमार हुआ तो पत्नी को लेकर एक डॉक्टर से दूसरे डॉक्टर के पास दौड़ता रहा। टेस्ट पर टेस्ट, आखिर में जब बीमारी का पता चला तो पति के होश उड़ गए। पत्नी एचआईवी पॉजिटिव निकली। इसके बाद पति ने पत्नी के साथ रहने से इनकार कर दिया। जिसके बाद आरोप है कि पति को जान से मारने की धमकी दी गई। कोई रास्ता न देख पति अब पुलिस के पास पहुंचा है।

आपको बता दें कि पति-पत्नी दोनों की यह दूसरी शादी है और दोनों के पहले से ही कुल 5 बच्चे हैं। इस घटना ने बच्चों की परवरिश पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं दूसरी ओर जानलेवा बीमारी से पीड़ित पत्नी के सामने भी देखभाल का संकट खड़ा हो गया है। पिछले साल 11 दिसंबर 2024 को दोनों की शादी बड़े धूमधाम से हुई थी। दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था, लेकिन इसके बाद अचानक हालात बदल गए। पति ने पुलिस को बताया है कि शादी के पहले दिन से ही उसकी पत्नी बीमार थी। पत्नी को बुखार समेत कई परेशानियां थीं। शादी के बाद वह पत्नी के इलाज के लिए कई डॉक्टरों के पास गया, लेकिन उसे कोई आराम नहीं मिल रहा था। फिर एक निजी अस्पताल में डॉक्टर ने उसकी पत्नी के लिए कुछ जांचें लिखीं।
जब जांच रिपोर्ट आई तो पत्नी एचआईवी पॉजिटिव पाई गई। इतना ही नहीं संक्रमण की यह तीसरी स्टेज है। इसके बाद उसने पत्नी के परिजनों से संपर्क कर उन्हें इस बारे में जानकारी दी। आरोप है कि पत्नी के परिजनों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। पति का कहना है कि उसने सपने में भी नहीं सोचा था कि उसके साथ ऐसा होगा, क्योंकि वह पहले से ही हालात का शिकार था। बता दें कि पति-पत्नी दोनों की यह दूसरी शादी है। पति के पहली पत्नी से तीन बच्चे हैं, जबकि पत्नी के भी पहले पति से दो बच्चे हैं। दोनों के पहले पति-पत्नी की मौत हो चुकी है। जिसके बाद दो महीने पहले ही एक मध्यस्थ के जरिए उनकी शादी हुई थी।
पति के मुताबिक़ उसने मेडिकल कॉलेज में अपनी और पत्नी की जांच कराई थी। यहां भी उसकी पत्नी की रिपोर्ट एचआईवी पॉजिटिव और उसकी निगेटिव आई। इसके बाद पति-पत्नी में झगड़ा हुआ तो पत्नी ने अपने मायके वालों को बुला लिया। मायके वाले मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने लगे। साथ ही केस में फंसाकर बुरा हाल करने की धमकी भी दी। पति का कहना है कि जिस महिला से उसने दूसरी शादी की है, उसकी डेढ़ साल की बेटी भी है। वह भी पिछले दो महीने से बीमार है। उसके पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी उसने ली थी, लेकिन मौजूदा हालात में वह खुद डरा हुआ है।
पति का कहना है कि डॉक्टर ने कहा है कि तुम्हारी और तुम्हारे बच्चों की जान को खतरा है। इसके चलते पूरे परिवार की नींद उड़ गई है। सभी लोग तनाव में हैं। इस पूरे मामले में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि रेलवे रोड एसएचओ आनंद कुमार को एक व्यक्ति द्वारा उसकी पत्नी के बारे में दी गई सूचना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। आरोपों की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...