अलीगढ़ : थाना गंगीरी क्षेत्र में बिलौना रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने करीब 2.5 करोड़ रुपये के नकली नोटों के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अवैध हथियार के साथ 6 किलो गांजा भी बरामद किया गया है। आरोपी 20 लाख रुपये के बदले 1 करोड़ रुपये के नकली नोट देते थे। पकडे गए तस्कर नकली नोटों को दिल्ली और आसपास के इलाकों में सप्लाई करते थे।

अलीगढ़ जिले के थाना गंगीरी क्षेत्र में बिलौना रोड पर चेकिंग के दौरान आज दोपहर 2 बजे एक संदिग्ध वाहन की चेकिंग के दौरान चार युवकों को गिरफ्तार किया गया। ये लोग तस्करी के लिए दिल्ली से नकली नोट लाते थे और लोगों को लालच देकर बेचते थे। पकड़े गए चारों आरोपी अलीगढ़ और अन्य जिलों के रहने वाले हैं। इन सभी पर अलीगढ़ के कई थानों में पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
क्षेत्राधिकारी छर्रा महेश कुमार ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अंतरजनपदीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दिल्ली से नकली नोट लाते थे और लोगों को वीडियो कॉल के जरिए 20 लाख के बदले 1 करोड़ के नकली नोट देते थे। हमने गंगीरी में चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। जब हमने उनकी गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी वहां से भागने लगे। गंगीरी पुलिस ने पीछा कर आरोपियों को पकड़ लिया।
आरोपियों के पास से 6 किलो गांजा, ढाई करोड़ के नकली नोट और एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है। इनके पास से बरामद गांजे की कीमत भी करीब एक लाख रुपये है। क्षेत्राधिकारी छर्रा महेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार पुत्र वासुदेव निवासी कोडरा थाना हरदुआगंज जिला अलीगढ़, हसनैन पुत्र असगर अली निवासी ककराला थाना अल्हापुर जिला बदायूं, अतीक अहमद पुत्र मकबूल अहमद निवासी जिला मैसूर कर्नाटक, सलीम पुत्र सादिक अली निवासी ककराला थाना अलापुर जिला बदायूं शामिल हैं। जल्द ही सभी को जेल भेज दिया जाएगा। Fake Currency
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...