12 फीट के पाइप से नप रही डीजे की हाइट, सड़क पर उतरे SSP अभिनंदन, बोले- मानक से ऊंचे वाहन नहीं होंगे बर्दाश्त

Kanwar Yatra in Saharanpur

सहारनपुर : श्रावण मास में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों शिवभक्त सहारनपुर के रास्ते अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में कांवड़ियों की सुरक्षित यात्रा और यातायात व्यवस्था को लेकर सहारनपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। कांवड़ यात्रा के दूसरे चरण में एसएसपी अभिनंदन खुद सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए।

Kanwar Yatra in Saharanpur

इस दौरान पुलिस की एक खास कार्रवाई चर्चा में रही। पुलिसकर्मी 12 फीट लंबे पाइप और इंचीटेप की मदद से कांवड़ यात्रा में शामिल डीजे वाहनों की ऊंचाई नापते दिखाई दिए। निर्धारित मानक से अधिक ऊंचाई वाले वाहनों को रोककर डीजे की ऊंचाई कम कराई गई और उसके बाद ही आगे जाने की अनुमति दी गई।

अंबेडकर चौक से उत्तराखंड सीमा तक निरीक्षण

गुरुवार को एसएसपी अभिनंदन ने अंबेडकर चौक से जेल चुंगी, राकेश केमिकल, गागलहेड़ी होते हुए बड़कला स्थित उत्तराखंड सीमा तक कांवड़ मार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राकेश केमिकल पुलिस चौकी के पास पुलिसकर्मी डीजे वाहनों की ऊंचाई मापते नजर आए। एसएसपी ने खुद मौके पर खड़े होकर इस पूरी कार्रवाई की निगरानी की।

12 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर रोक

एसएसपी अभिनंदन ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के मुताबिक कांवड़ यात्रा के दौरान 12 फीट से अधिक ऊंचाई वाले डीजे वाहन सड़क पर नहीं चल सकेंगे। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि अधिक ऊंचाई वाले डीजे वाहन बिजली के तारों, पुलों और अन्य संरचनाओं से टकराकर हादसे का कारण बन सकते हैं। इसी वजह से प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर हाइट बैरियर भी लगाए गए हैं।

डीजे के ऊपर बैठने वालों पर भी कार्रवाई

पुलिस ने कांवड़ियों से डीजे वाहनों के ऊपर बैठकर यात्रा न करने की अपील की है। एसएसपी ने बताया कि कई बार श्रद्धालु बड़े स्पीकरों के ऊपर बैठ जाते हैं, जो बेहद खतरनाक है। पुलिस ऐसे लोगों को नीचे उतारकर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है।

ड्रोन और एटीएस से निगरानी

कांवड़ मार्ग पर पुलिस, पीएसी, यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन कैमरों और कंट्रोल रूम के जरिए पूरे मार्ग की निगरानी की जा रही है, जबकि एटीएस टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।

एसएसपी अभिनंदन ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा की पवित्रता या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली झूठी अथवा भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि हर शिवभक्त की यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाना है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts