गोरखपुर : विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के जटाशंकर स्थित विश्वकर्मा मंदिर पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का शिल्पी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आधुनिक भारत का शिल्पकार बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज एक ओर भगवान विश्वकर्मा की जयंती है तो दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है।
सीएम योगी ने कहा कि भारत की परंपरा में भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि के निर्माण और शिल्प-कौशल से जोड़कर पूजा जाता है। देश और प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में कारीगर इस दिन भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर अपने हुनर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भी गोरखपुर के विश्वकर्मा मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य मिला।
तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार का दावा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से कारीगरों और हस्तशिल्पियों को रोजगार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब तक तीन करोड़ से अधिक लोग अलग-अलग कारीगरी और हस्तशिल्प के जरिए रोजगार कर जीवनयापन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत राजमिस्त्री, बढ़ई, हलवाई, स्वर्ण कारीगर समेत विभिन्न पारंपरिक कामों से जुड़े कारीगरों को टूलकिट उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही प्रशिक्षण और ऋण की सुविधा भी दी गई, जिससे कारीगर अपने पारंपरिक हुनर को रोजगार और स्वरोजगार का माध्यम बना सकें।
2017 के बाद शुरू हुआ काम
योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद कारीगरों को प्रशिक्षण देने और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम शुरू किया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना इसी प्रयास का हिस्सा है। इसके तहत कारीगरों को टूलकिट और प्रशिक्षण के साथ ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक तकनीक के माध्यम से भगवान विश्वकर्मा की परंपरा को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। इससे कारीगरों और हस्तशिल्पियों के हुनर को आधुनिक अवसरों से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
पुस्तक का किया विमोचन
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में एक पुस्तक का विमोचन भी किया। विश्वकर्मा जयंती के कार्यक्रम को लेकर मंदिर को रंग-बिरंगी लाइट, फूलों और धार्मिक झांकियों से सजाया गया था। परिसर में भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं गोरखपुर क्षेत्र प्रभारी अभिजात मिश्रा, महापौर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सीएम योगी ने कारीगरों और हस्तशिल्पियों के श्रम व हुनर को समाज और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण बताया।

