आगरा : यूपी के डिफेंस कॉलोनी सदर आगरा में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के मैनेजर ने पत्नी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने 6.57 मिनट का वीडियो बनाकर अपना दर्द बयां किया। वीडियो बनाते हुए मैनेजर कई बार भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू भी निकल रहे थे। उनका कहना था कि कोई मर्द नहीं बचेगा जिस पर आप दोष लगा सकें, मर्दों के बारे में सोचो, कोई तो उनकी बात करे, बेचारे बहुत अकेले होते हैं। यह कहते हुए वीडियो बनाते हुए डिफेंस कॉलोनी सदर में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के मैनेजर मानव शर्मा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के चार दिन बाद परिजनों ने बहू, ससुर और साली पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उधर, पत्नी ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो डालकर आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

आपको बता दें कि डिफेंस कॉलोनी सदर निवासी मानव शर्मा टीसीएस में रिक्रूटमेंट मैनेजर थे। वह मुंबई की यूनिट में कार्यरत थे। मानव के पिता नरेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार उनके बेटे की शादी 30 जनवरी 2024 को बरहन निवासी निकेता से हुई थी। मानव ने 24 फरवरी को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही बहू का व्यवहार ठीक नहीं था। वह उग्र होकर झगड़ा करती थी। विवाद जयदा ना बढे इसलिए मानव निकेता को अपने साथ मुंबई ले गया। लेकिन, वहां भी उसका व्यवहार नहीं बदला। मृतक मैनेजर के पिता का आरोप है कि निकेता आए दिन झगड़ा करती थी। जेल भेजने की धमकी देती थी वह मानव को आत्महत्या की धमकी देती थी और जेल भेजने के लिए कहती थी। वे उसे समझाते रहते थे, ताकि बेटे का घर बर्बाद न हो।

23 फरवरी को मानव अपनी बहू को लेकर मुंबई से आगरा आ गया। उसी दिन वह बरहन में निकेता के घर गया। वहां उसके पिता निपेंद्र कुमार शर्मा, मां पूनम शर्मा, बहन निशु और रिया ने मानव को अपमानित किया। इससे परेशान होकर मानव ने 24 फरवरी की सुबह पांच बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी मिलने पर बेटे को मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। गुरुवार को सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज किया गया है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उधर, आरोपी पत्नी व अन्य घर से फरार हो गए हैं। हालांकि निकेता का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बता रही है।
मानव शर्मा ने आत्महत्या करने से पहले वीडियो बनाकर अपना दर्द बयां किया है। यह 6.57 मिनट का है। वीडियों में दिख रहा है कि मानव ने साड़ी से फंदा बनाया है। इसे पंखे से बांधा है। इस दौरान मानव कई बार भावुक हो जाता है। उसकी आंखों से आंसू भी निकल रहे हैं। वह कहता है कि उसे अपनी पत्नी के बारे में पता चल गया। कोई बात नहीं, कोई मर्द नहीं बचेगा जिस पर तुम आरोप लगा सको। वह कहता है कि कोई मर्दों की बात तो करो। इसके बाद वह रोने लगता है। पापा सॉरी, मम्मी सॉरी, अक्कू सॉरी। मेरे जाते ही सब ठीक हो जाएगा। इसलिए मुझे जाने दो। इतना कहने के बाद वह रोने लगता है। वह वीडियो में अपना हाथ भी दिखाता है, जिसमें वह कहता है कि उसने पहले भी आत्महत्या करने की कोशिश की थी। वह वीडियो में हंसता भी नजर आ रहा है। अपने आंसू पोंछने के बाद वह कहता है कि मेरे माता-पिता को बिल्कुल मत छूना। Agra News
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...