बरेली हिंसा मामले में बड़ा एक्शन: मौलाना तौकीर रजा समेत 94 आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल

Maulana Tauqeer Raza

बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में सितंबर 2025 में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा समेत 94 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि अब इस मामले की सुनवाई को लेकर विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके। इस कार्रवाई को बरेली हिंसा मामले में अब तक का सबसे बड़ा कानूनी कदम माना जा रहा है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि हिंसा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मामलों में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। साथ ही पुलिस मॉनिटरिंग सेल को निर्देश दिए गए हैं कि कोर्ट में हर तारीख और हर कार्रवाई पर नजर रखी जाए। पुलिस की कोशिश है कि समय पर मजबूत सबूत पेश किए जाएं और अभियोजन पक्ष पूरी मजबूती के साथ अदालत में अपना पक्ष रखे। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए किसी भी आरोपी को राहत नहीं मिलने दी जाएगी।

दरअसल, 26 सितंबर 2025 को बरेली में विरोध प्रदर्शन के दौरान हालात अचानक बिगड़ गए थे। आरोप है कि बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और देखते ही देखते कई इलाकों में हिंसा फैल गई। प्रदर्शन के दौरान दंगाइयों ने जमकर तोड़फोड़ की, सरकारी और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया और पुलिस टीमों पर हमला किया। इतना ही नहीं, फायरिंग की घटनाएं भी सामने आईं, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts