शामली में जाट महासभा जिलाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी, कॉलर ने खुद को बताया लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी

शामली में जाट महासभा जिलाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी, कॉलर ने खुद को बताया लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी

शामली : हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गैंग के नाम पर सोशल मीडिया पर चल रही गतिविधियों के बीच शामली से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिलाध्यक्ष मुकुल चौधरी को अज्ञात नंबर से जान से मारने की धमकी मिली है। कॉल करने वाली महिला ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताया। महिला ने कथित तौर पर मुकुल को गालियां दीं और हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें भी भेजीं। घटना के बाद मुकुल और उनका परिवार दहशत में है।

मामला गढ़ी पुख्ता थाना क्षेत्र के गांव जंधेडी का है। मुकुल चौधरी के अनुसार, उन्होंने 2 सितंबर 2026 को नीरज कुमार नेटवर्क पर लॉरेंस बिश्नोई और अन्य गैंग से संबंधित एक वीडियो पोस्ट किया था। इसी वीडियो को लेकर 9 सितंबर को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई।

मुकुल का आरोप है कि कॉल करने वाली महिला ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताते हुए उन्हें धमकाया। महिला ने वीडियो पोस्ट करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही। इसके बाद हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें भी भेजीं। धमकी मिलने के बाद मुकुल ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

मुकुल चौधरी ने आशंका जताई कि धमकी देने वाली महिला और उसके साथी कभी भी उनके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। उन्होंने अज्ञात नंबर की जांच कर संबंधित लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। गढ़ी पुख्ता थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है और पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगे की जानकारी दी जाएगी।

वहीं, इस मामले में एक अहम तथ्य यह भी सामने आया है कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार लॉरेंस बिश्नोई की अभी तक शादी नहीं हुई है। ऐसे में खुद को उसकी पत्नी बताने वाली महिला के दावे ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाली महिला कौन है और उसने लॉरेंस बिश्नोई का नाम क्यों इस्तेमाल किया।

अंकित बालियान हत्याकांड के बाद फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से शूटरों के नाम पर पोस्ट किए जाने की बात भी सामने आई थी। ऐसे में यह आशंका भी जांच का विषय है कि कहीं किसी ने पुलिस का ध्यान भटकाने या लॉरेंस बिश्नोई के नाम का गलत इस्तेमाल करने के लिए यह धमकी तो नहीं दी। हालांकि, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts