अज्ञात नंबर से आया फोन, 6 दिसंबर को शाही ईदगाह को नुकसान पहुंचाने पर जान से मारने की धमकी; संत बोले- किसी धमकी से नहीं रुकेंगे
मथुरा : श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए 6 दिसंबर को कार सेवा शुरू करने के ऐलान के बाद गोवर्धन स्थित चित्रगुप्त पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। स्वामी सच्चिदानंद का दावा है कि बुधवार को पाकिस्तान के नंबर से उनके मोबाइल पर धमकी भरा फोन आया। कॉल करने वाले ने 6 दिसंबर को शाही ईदगाह मस्जिद को नुकसान पहुंचने की स्थिति में उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
स्वामी सच्चिदानंद महाराज के मुताबिक, फोन पाकिस्तान के नंबर +923114132766 से उनके नंबर पर आया। उन्होंने बताया कि धमकी देने वाले ने उनके 6 दिसंबर के कार सेवा के ऐलान का जिक्र करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। धमकी के बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी देने की बात कही है।

स्वामी सच्चिदानंद ने करीब दो महीने पहले 6 दिसंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए कार सेवा शुरू करने का ऐलान किया था। इसके बाद उनके आश्रम में शिला पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल हुए। इस दौरान कार सेवा को लेकर संतों ने एकजुटता भी दिखाई थी।
आश्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘आ रहे भगवाधारी, खाली करो कृष्ण जन्मभूमि हमारी’ नारे के साथ कार सेवा का संकल्प दोहराया गया था। इसके साथ ही एक पोस्टर भी जारी किया गया था, जिसे लेकर विवाद की स्थिति बनी।
धमकी मिलने के बाद भी स्वामी सच्चिदानंद ने अपने रुख में बदलाव नहीं किया है। उन्होंने कहा कि धमकी से उनका संकल्प कमजोर नहीं होगा और 6 दिसंबर को हर हाल में कार सेवा शुरू की जाएगी। उनका कहना है कि वह किसी भी धमकी से डरने वाले नहीं हैं।
स्वामी सच्चिदानंद ने कहा कि उनकी मांग श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की है। उन्होंने मुगलकालीन निर्माण को लेकर भी कड़ा बयान देते हुए कहा कि वे इसे हटाने के अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेंगे।
वहीं, पाकिस्तान नंबर से आई धमकी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि फोन करने वाला व्यक्ति कौन है और वास्तव में वह पाकिस्तान से कॉल कर रहा था या इंटरनेट कॉलिंग अथवा किसी अन्य माध्यम से नंबर का इस्तेमाल किया गया। धमकी के पीछे किसी की साजिश है या किसी संगठन से जुड़े लोगों का हाथ, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल स्वामी सच्चिदानंद के बयान के बाद 6 दिसंबर को प्रस्तावित कार सेवा को लेकर मथुरा में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिहाज से भी मामला महत्वपूर्ण हो गया है। पुलिस धमकी की सत्यता और कॉल करने वाले की पहचान की जांच कर रही है।

