सहारनपुर : सरसावा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह रुड़की-पंचकूला मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झबीरण कट के पास भूसे से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां एक-दूसरे को ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गईं। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लदा भूसा बिखर गया और कई लोग उसके नीचे दब गए।
हादसे में सहारनपुर देहात क्षेत्र के गांव दनियालपुर नोजली निवासी गुलजार (35) पुत्र जुल्फिकार और वसीम (30) पुत्र इरशाद की मौत हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू कराया गया।
पंजाब से हरिद्वार जा रही थीं ट्रैक्टर-ट्रॉलियां
बताया गया कि दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पंजाब से भूसा लेकर हरिद्वार की ओर जा रही थीं। शनिवार सुबह दोनों वाहन झबीरण कट के पास पहुंचे। इसी दौरान दोनों ट्रैक्टर चालक एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करने लगे। ओवरटेक के दौरान आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में पलट गई।
इसके पीछे चल रही दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी संतुलन नहीं संभाल सकी और वह भी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। दोनों वाहनों के पलटते ही उनमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। भारी मात्रा में भूसा होने के कारण कुछ लोग उसके नीचे दब गए।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान
हादसे की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना सरसावा पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी नकुड़ जितेंद्र कुमार सिंह और दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायल लोगों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया। वहीं ट्रैक्टर के नीचे और भूसे में दबे लोगों को भी काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हालांकि, गुलजार और वसीम की मौत हो चुकी थी।
दो परिवारों में मचा कोहराम
हादसे में दो युवकों की मौत की खबर उनके गांव पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई।
थाना अध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई।
क्षेत्राधिकारी नकुड़ जितेंद्र कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होने से हुआ। पुलिस मामले की आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
कुछ ही सेकंड की ओवरटेक की कोशिश दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का गम बन गई। हादसे ने एक बार फिर व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों के संचालन और ओवरटेक के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

