सहारनपुर में लकड़ी के कारखाने में आग, लाखों का सामान जलकर खाक; दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

सहारनपुर में लकड़ी के कारखाने में आग, लाखों का सामान जलकर खाक; दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

सहारनपुर : महानगर सहारनपुर की नदीम कॉलोनी स्थित घूघाल मेला चौक के पास मंगलवार सुबह एक लकड़ी के कारखाने में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को कारखाने के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग में लाखों रुपये का सामान जलकर क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे थाना कुतुबशेर क्षेत्र के नदीम कॉलोनी स्थित लकड़ी के कारखाने में आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को मिली थी। सूचना मिलते ही अंबाला रोड और बेहट रोड फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने तत्काल होज पाइप के माध्यम से पानी की बौछार शुरू कर आग बुझाने का प्रयास किया।

कारखाने में रखी लकड़ियों और अन्य सामान में आग फैल चुकी थी। ऐसे में अग्निशमन कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कर्मचारियों ने लकड़ियों को हटाकर और उन्हें कुरेदकर अंदर तक सुलग रही आग को बुझाया। लगातार प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

आरा मशीन के टूल्स, लकड़ी और अन्य सामान क्षतिग्रस्त

इस अग्निकांड में आरा मशीन के टूल्स, टायर, रेहड़ा, लकड़ी के फट्टे और स्क्रैप के पुर्जे जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। आग से कारखाने में रखे सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन अभी स्पष्ट नहीं है।

राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों ने आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया। इससे कारखाने के अन्य हिस्सों और वहां रखे अतिरिक्त सामान को सुरक्षित बचा लिया गया। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान और अधिक बढ़ सकता था।

कोई जनहानि नहीं

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया था। कर्मचारियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है।

इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया और कारखाने के अन्य हिस्सों को सुरक्षित बचा लिया गया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts