कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर की एक महिला डॉक्टर ने एक डॉक्टर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। महिला कानपुर जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में सीनियर रेजीडेंट के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो डॉक्टर ने उसके साथ मारपीट की है बल्कि शादी करने से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं बाद में उसने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया और बुलंदशहर भाग गया। महिला ने कानपुर के चकेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि वह जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में सीनियर रेजीडेंट है। करीब ढाई साल पहले उसकी मुलाकात बुलंदशहर के खुर्जा निवासी ऑर्थो में तैनात डॉ. अभिषेक भास्कर से हुई। अभिषेक ने खुद को अविवाहित बताकर उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। करीब 2 साल पहले आरोपी ने पढ़ाई की बात करने के बहाने उसे अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने शादी करने का वादा किया। कुछ समय बाद जब उसने अभिषेक पर शादी का दबाव बनाया तो वह उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। इसके अलावा वह अक्सर सबके सामने उसकी बेइज्जती करता है।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने अपने माता-पिता के कहने पर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया और कानपुर से भागकर अपने शहर खुर्जा बुलंदशहर आ गया। इस पूरी घटना के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई है और डिप्रेशन में चली गई है। चकेरी थाना प्रभारी संतोष शुक्ला ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। Kanpur News