बिजनौर : बिजनौर के गांव सराय आलम में जूता चुराई की रस्म को लेकर हुए विवाद ने एक दुल्हन की जिंदगी बदल दी। सुहागन बनने के कुछ घंटो बाद ही दुल्हन तलाकशुदा बन गई। बारात लेकर आये दूल्हे ने निकाह के बाद दुल्हन को तलाक दे दिया। जूता चुराई रस्म को लेकर हुआ विवाद चंद घंटों में निकाह को तलाक में बदल दिया। विदाई के बजाये दुल्हन बनी युवती तलाक मिलने पर रोती रह गई। विवाद के दौरान बारातियों को भी बंधक बना लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया। आपसी समझौते के बाद बारात बिना दुल्हन के लौट गई।

आपको बता दें कि नांगल थाना क्षेत्र के गांव सराय आलम निवासी आसिफ की दो बेटियों की बारात रविवार को आई थी। दोनों शादियों का कार्यक्रम नांगल के भारत बैंक्वेट हॉल में चल रहा था। बाराती और घराती दावत का लुत्फ़ उठा रहे थे। एक बारात चांदपुर से आई थी, जो दुल्हन को लेकर खुशी-खुशी लौट गई। जबकि दूसरी बारात नजीबाबाद थाना क्षेत्र के हर्सबाड़ा से रिजवान पुत्र सरफराज की आई थी।
शादी में जूता चुराई की रस्म के दौरान दूल्हे रिजवान का दुल्हन पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। दुल्हन पक्ष जूता चुराई की रस्म के लिए 15 हजार रुपये मांग रहा था, जबकि दूल्हा पक्ष पांच हजार रुपये दे रहा था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और कहासुनी हो गई। दुल्हन पक्ष के लोगों ने कई बारातियों को बंधक बनाकर अपने गांव सराय आलम ले गए।
रविवार रात करीब दो बजे पुलिस को बारात के बंधक बनाए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने सराय आलम गांव पहुंचकर लड़की के पिता आसिफ और दूल्हे रिजवान समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया। थाने पहुंचने के बाद पूरी रात दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बनी रही। उपनिरीक्षक सुनील पुनिया ने बताया कि सोमवार को दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया। दूल्हे ने दुल्हन को तलाक देकर शादी तोड़ दी। दूल्हे रिजवान ने मोबाइल पर दुल्हन को तलाक दे दिया, जिसके बाद बारात वापस लौट गई। Triple Talaq
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...