प्रयागराज : कौशांबी जिले की चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल साइबर ठगी का शिकार हो गईं। साइबर जालसाजों ने उनके बैंक खाते से PhonePe और UPI के जरिए कई बार में करीब 1.55 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। खाते में संदिग्ध लेनदेन का पता चलने के बाद विधायक की ओर से पुलिस और बैंक को शिकायत दी गई। मामले में धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, पूजा पाल का बैंक खाता प्रयागराज के धूमनगंज स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में है। 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच उनके खाते से कई संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन हुए। इन ट्रांजेक्शन के लिए PhonePe और UPI माध्यम का इस्तेमाल किया गया। अलग-अलग किस्तों में रकम खाते से निकलती रही।
14 सितंबर को हुआ ठगी का खुलासा
बताया गया है कि 14 सितंबर को बैंक स्टेटमेंट और खाते की डिटेल की जांच की गई। इस दौरान खाते से हुए संदिग्ध लेनदेन सामने आए। जांच करने पर पता चला कि जालसाज अलग-अलग किस्तों में करीब 1.55 लाख रुपये पहले ही निकाल चुके थे।
धोखाधड़ी का पता चलते ही विधायक की ओर से साइबर क्राइम थाना, धूमनगंज थाना और संबंधित बैंक शाखा को शिकायत दी गई। पुलिस को दी गई तहरीर के साथ संदिग्ध UPI लेनदेन के स्क्रीनशॉट और बैंक स्टेटमेंट भी सौंपे गए हैं।
UPI आईडी और खातों की जांच में जुटी साइबर सेल
शिकायत के आधार पर धूमनगंज पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। अब पुलिस और साइबर सेल उन UPI आईडी और बैंक खातों को ट्रेस करने में जुटी है, जिनमें विधायक के खाते से रकम ट्रांसफर की गई।
पुलिस इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की टीम डिजिटल ट्रांजेक्शन की कड़ियां जोड़ रही है। पुलिस का प्रयास है कि जिन खातों में रकम पहुंची है, उन्हें चिन्हित कर रकम को होल्ड कराया जा सके।
आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस बैंकिंग रिकॉर्ड, UPI आईडी और संबंधित डिजिटल लेनदेन की जांच कर रही है। इसके जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रकम किन खातों में पहुंची और इन खातों का इस्तेमाल कौन कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और साइबर टीम ठगी में शामिल आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

