लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, निवेश और कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े सवाल लगातार उठाए जाएंगे और समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी तरह जुटी है।
महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की कीमतें बढ़ने से आम लोगों पर आर्थिक दबाव है। उन्होंने डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति का जिक्र करते हुए भाजपा के पुराने बयानों पर भी सवाल उठाए।
पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने दावा किया कि एथेनॉल मिश्रण से वाहनों के माइलेज पर असर पड़ रहा है और गाड़ियों को नुकसान की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं हैं।
निवेश के मुद्दे पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार निवेश के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन उन्हें जमीन पर उतना नहीं देखा जा रहा, जितना विज्ञापनों में दिखाई देता है। उन्होंने किसानों की समस्याओं और सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए।
सपा में शामिल हुए नेताओं का स्वागत
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कानपुर देहात के पूर्व प्रत्याशी जुनैद के समाजवादी पार्टी में शामिल होने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी ने पहले ही उन्हें मना लिया होता और राजनीतिक सम्मान दिया होता तो सपा का एक सांसद बढ़ सकता था।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी ऐसे लोगों को साथ लाने और उनका सहयोग लेने का प्रयास करेगी। इस दौरान मयंक द्विवेदी, बांदा के नंदकिशोर और श्रावस्ती के जितेंद्र कुमार गुप्ता के भी सपा में शामिल होने का स्वागत किया गया। जितेंद्र कुमार गुप्ता भाजपा छोड़कर सपा में आए हैं।
2027 के लिए जमीन और डिजिटल दोनों मोर्चों पर तैयारी
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए लगातार कार्यक्रम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमीन पर संगठन को मजबूत करने के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी जनता से जुड़े सवाल उठाने की बात कही।
सपा ने हाल के दिनों में बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया है। पार्टी की ओर से 2027 के लिए जिला स्तर पर अलग-अलग घोषणापत्र तैयार करने की योजना की भी जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा अक्टूबर में प्रस्तावित ‘समाजवादी PDA यात्रा’ के जरिए राज्यव्यापी संपर्क अभियान की तैयारी की जा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव की तैयारी में संगठन, जनता से जुड़े मुद्दों और डिजिटल माध्यमों—तीनों स्तरों पर पार्टी सक्रिय रहेगी।

