कासगंज में बीजेपी सांसद मुकेश राजपूत समेत 87 लोगों पर FIR, संपत्ति विवाद में कोर्ट के आदेश पर बड़ी कार्रवाई

Again registered in Kasganj, MP Mala Court, Case regarding a property dispute, BJP MP Farrukhabad Mukesh Rajput,

कासगंज : फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। कासगंज जिले के सहावर थाने में सांसद मुकेश राजपूत समेत 37 नामजद और 55 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एमपी-एमएलए कोर्ट के आदेश के बाद हुई है। दर्ज मुकदमे में लूटपाट, मारपीट, जबरन कब्जा और अन्य आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला सहावर कस्बे के मोहल्ला अवंती बाई नगर स्थित एक मकान से जुड़ा है। शिकायतकर्ता लक्ष्मण सिंह पुत्र पातीराम, निवासी लक्षिमपुर, थाना सहावर ने अदालत में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि विवादित मकान पर कब्जे को लेकर उनके परिवार पर दबाव बनाया गया। लक्ष्मण सिंह के बेटे रविंद्र कुमार की शादी भाजपा सांसद मुकेश राजपूत की बहन रीना राजपूत से हुई है।

संपत्ति विवाद में लगाए गंभीर आरोप

शिकायत के मुताबिक, रीना राजपूत और उनके ससुराल पक्ष के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। लक्ष्मण सिंह ने आरोप लगाया कि सांसद की बहन होने के कारण रीना राजपूत परिवार पर दबाव बनाती थीं और आए दिन विवाद एवं मारपीट होती थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब एक साल पहले सांसद मुकेश राजपूत ने कथित तौर पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए विवादित मकान पर रीना राजपूत का कब्जा करा दिया।

जब परिवार ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। शिकायत में घर में लूटपाट किए जाने और सामान ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। लक्ष्मण सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल तक भिजवाया गया। हालांकि, इन सभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

मामले में लक्ष्मण सिंह ने एमपी-एमएलए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट ने 20 जुलाई को पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया। इसके बाद सहावर थाना पुलिस ने शुक्रवार को अदालत के आदेश के अनुपालन में एफआईआर दर्ज कर ली।

मुकदमे में सांसद मुकेश राजपूत, उनकी पत्नी सौभाग्यवती राजपूत, बहन रीना राजपूत सहित कुल 37 लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा 50 अज्ञात पुरुष और पांच अज्ञात महिलाओं को आरोपी बनाया गया है।

2025 में भी हुआ था विवाद

बताया गया है कि 7 सितंबर 2025 को इसी संपत्ति को लेकर रीना राजपूत और उनके ससुर लक्ष्मण सिंह के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस मामले में रीना राजपूत की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में लक्ष्मण सिंह को जेल भी जाना पड़ा था।

जेल से बाहर आने के बाद लक्ष्मण सिंह ने सांसद मुकेश राजपूत, रीना राजपूत और अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट, लूटपाट और जबरन कब्जे समेत कई आरोप लगाते हुए एमपी-एमएलए कोर्ट में परिवाद दाखिल किया।

अब अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस एफआईआर के बाद सांसद मुकेश राजपूत से जुड़े इस पारिवारिक संपत्ति विवाद ने एक बार फिर राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज कर दी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts