प्रयागराज : महाकुंभ मेले का आज 41वां दिन है। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि स्नान के साथ मेले का समापन होगा। कुल मिलाकर मेले के सिर्फ 5 दिन बचे हैं। मेले की शुरुआत से अब तक 59.31 करोड़ श्रद्धालु डुबकी लगा चुके हैं। शुक्रवार को 1.16 करोड़ से ज्यादा लोगों ने डुबकी लगाई। आज वीकेंड होने की वजह से सुबह से ही संगम के घाटों पर लोगों की भीड़ लगी हुई है। वाहनों को करीब 10 किलोमीटर पहले ही रोक दिया जा रहा है। इस वजह से लोगों को काफी पैदल चलना पड़ रहा है। आज 41वें दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सीएम योगी के साथ संगम में डुबकी लगाई है।
शहर और हाईवे पर लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है। इसे देखते हुए 24 फरवरी को होने वाली 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं भी नहीं कराई जाएंगी। इस दिन का पेपर अब 9 मार्च को होगा। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा शनिवार को प्रयागराज महाकुंभ मेले में पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। जेपी नड्डा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ स्टीमर से संगम तट गए। जाते समय जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साइबेरियन पक्षियों को दाना भी खिलाया। संगम तट पर जेपी नड्डा ने सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ आस्था की डुबकी लगाई।

शनिवार को महाकुम्भ के 41वें दिन तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने भी महाकुंभ 2025 में शनिवार को संगम में आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने कहा कि यह दिव्य और भव्य महाकुंभ सनातन संस्कृति की जीवंत अभिव्यक्ति है, जो भारत की अखंडता, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक गौरव को दर्शाता है। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत करने वाले इस ऐतिहासिक पर्व में अब तक 60 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई है।
राज्यपाल ने महाकुंभ में भाग लिया और तमिलनाडु के भाई-बहनों की सुख, समृद्धि, शांति और प्रगति के लिए विशेष प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा उसकी सनातन संस्कृति में बसती है। यह महाकुंभ अखंड सनातन परंपरा का प्रतीक है, जो हमें एक-दूसरे से जोड़ता है और हमारी सांस्कृतिक मूल्यों की याद दिलाता है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...