सहारनपुर : चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज (सीआईएस) द्वारा सहारनपुर में आयोजित तीसरे वार्षिक समारोह “समन्वय-2025” की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस भव्य आयोजन में विश्व विख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास अपनी प्रसिद्ध प्रस्तुति “अपने-अपने राम” से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। यह कार्यक्रम 22 मार्च यानि कल शाम 6 बजे से 9 बजे तक स्वास्तिक रिसॉर्ट्स अंबाला रोड पर आयोजित होगा।
शुक्रवार को अंबाला रोड पर प्रेस वार्ता में चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने कहा कि पिछले वर्षों की अपार सफलता के बाद सीआईएस एक बार फिर ऐतिहासिक सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संध्या का आयोजन करने जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च जनप्रतिनिधि, संत समाज एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित 3 हजार से अधिक लोग भाग लेंगे।
कार्यक्रम में दर्शकों को विशाल और भव्य श्री राम मंदिर के दर्शन भी होंगे। आयोजकों ने इस कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं, ताकि रामायण के पात्रों और उनके आदर्शों को लोगों तक पहुंचाया जा सके। CIS ने इससे पहले गुरदास मान और सोनू निगम जैसे दिग्गज कलाकारों की प्रस्तुतियों से सहारनपुर के लोगों को जोड़ा था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस साल डॉ. कुमार विश्वास अपनी काव्य रसधारा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा उपकरण, सुरक्षा गार्ड और बाउंसर रहेंगे।
प्रेस वार्ता में संरक्षक अमर गुप्ता, अध्यक्ष रवींद्र मिगलानी, चेयरमैन एचएस चड्ढा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कपूर, महासचिव अमित चौधरी, अतिरिक्त महासचिव रवि टंडन, कोषाध्यक्ष विजय वशिष्ठ, संयोजक संजय गुप्ता, संयुक्त कोषाध्यक्ष गौरव जैन, कार्यकारिणी सदस्य विश्वजीत पुंडीर, संजय अरोड़ा, राजेश गुप्ता, नीरज मिड्डा, सक्षम बत्रा और सुनील कुमार अरोड़ा मौजूद रहे।