हापुड़ : उत्तर प्रदेश में इन दिनों विवाहेतर संबंधों के कई अनोखे किस्से सामने आ रहे हैं। जहां कई मामलों में पत्नी प्रेमी के साथ मिलकर पतियों की हत्या कर रहीं हैं तो कहीं पर पति पत्नी की शादी उसके प्रेमी के साथ करा रहे हैं। तो कहीं सास होने वाले दामाद के साथ भाग गई है। तीन बच्चों की माँ जवान लड़के से शादी कर अपना घर बसा रही हैं। लेकिन हापुड़ जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां बिजली विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी ने शादी के 15 दिन बाद ही नई नवेली दुल्हन को छोड़ 3 बच्चों की मां से शादी कर ली। पहली पत्नी ने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आपको बता दें कि थाना बाबूगढ़ इलाके के गांव रसूलपुर निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 16 फरवरी 2025 को गांव गजलपुर निवासी नवीन से हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई थी। शादी के तुरंत बाद पति नवीन ने उसे तलाक दिए बिना ही महिला कांस्टेबल से शादी कर ली।
महिला ने बताया कि शादी के दो दिन बाद ही उसे पता चला कि नवीन का पुलिस की महिला कांस्टेबल निर्मला से प्रेम प्रसंग चल रहा है। नवीन उसे हापुड़ स्थित अपने घर ले गया और जबरदस्ती हेड कांस्टेबल के पैर पकड़वाकर दबाव बनाया कि वह दोनों को साथ रखेगा। एक को मेरठ और एक को गांव में रखेगा। बाद में पीड़िता को पता चला कि नवीन और हेड कांस्टेबल ने एक मार्च 2025 को मंदिर में शादी कर ली है।
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति नवीन उसे धमकी दे रहा है कि वह हेड कांस्टेबल को पत्नी बनाकर रखेगा। पीड़िता ने यह भी बताया कि 16 अप्रैल की रात करीब 9 बजे उसने दोनों को मोहल्ला साकेत कॉलोनी स्थित एक मकान में पकड़ लिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। केस दर्ज होने के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं। महिला हेड कांस्टेबल और नवीन के फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक महिला कांस्टेबल निर्मला को हाफिजपुर थाने से अटैच किया गया है। महिला कांस्टेबल निर्मला बागपत जिले की रहने वाली है और तीन बच्चों की मां बताई जा रही है। थाना देहात प्रभारी मनोज बालियान ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों की तलाश की जा रही है। Hapur News