प्रतापगढ़ : उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गैस लीकेज से एक घर में धमाके के साथ आग लग गई। घटना में दो परिवारों के आठ लोग झुलस गए। कमरे की दीवार गिर गई। झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, उदयपुर थाना क्षेत्र के भंवरी गांव में रात 10 बजे खाना खाने के बाद अशोक कुमार का परिवार एक ही कमरे में सो रहा था। इसी दौरान कमरे में रखा गैस सिलेंडर लीक होने लगा। धीरे-धीरे पूरा कमरा गैस से भर गया।
रात करीब 2 बजे गैस का प्रेशर इतना बढ़ गया कि अशोक के कमरे में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद आग लग गई और अशोक के साथ उनकी पत्नी रेनू, बेटे सनी, रवि और किशन झुलस गए। धमाके के कारण अशोक के कमरे की कंक्रीट की दीवार भी दो तरफ से गिर गई। दीवार गिरते ही बगल के कमरे में सो रहीं भाई विजय की पत्नी गीता, उनकी दो बेटियां प्रिया और रियाशी भी झुलसकर घायल हो गईं। धमाके में दो कमरों के बीच की दीवार गिरने से भाई विजय के परिवार के सदस्य भी इसकी चपेट में आ गए।