अमरोहा : जमीन के लालच में चाचा-चाची ने पांच वर्षीय मासूम खुशबू की गला घोंटकर हत्या कर दी और हादसे का रूप देने के लिए उसे छत से फेंक दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जमीन के लालच में चाचा-चाची ने पांच वर्षीय मासूम (खुशबू) की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या को हादसे का रूप देने के लिए उसे छत से फेंक दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मासूम की गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। बच्ची की मां की तहरीर पर पुलिस ने चाचा-चाची के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
घटना क्षेत्र के गांव पथरकुट्टी की है। कस्बे से सटे गांव पथरकुट्टी में जसपाल सिंह और उनके भाई लोकेश सैनी का परिवार रहता है। जसपाल की शादी उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी मनीषा से हुई थी। उनकी एक पांच साल की बेटी खुशबू थी। भाई लोकेश की शादी रजिया से हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। करीब सात माह पहले मनीषा अचानक लापता हो गई थी। मनीषा के लापता होने के एक माह बाद जसपाल भी कहीं चला गया। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज है। जबकि पांच वर्षीय खुशबू अकेली रह गई थी।
उसके बाद खुशबू अपने चाचा-चाची के साथ रहती थी। जसपाल के नाम नौगांवा रोड पर 200 गज का प्लाट है। शुक्रवार दोपहर को पता चला कि खुशबू की छत से गिरकर मौत हो गई। उधर, ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर खुशबू की मौत पर सवाल उठाते हुए पोस्टमार्टम कराने की गुहार लगाई। मामला संदिग्ध देख पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार रात डॉक्टरों के पैनल ने खुशबू का पोस्टमार्टम किया।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुशबू की गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई है। पीएम रिपोर्ट की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घर पर मौजूद लोकेश और उसकी पत्नी रजिया को हिरासत में ले लिया। उधर, खुशबू की मौत की सूचना पाकर उसकी मां मनीषा थाने पहुंची। उसने अपने देवर लोकेश और देवरानी रजिया पर जमीन हड़पने के लालच में बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि मनीषा की तहरीर पर लोकेश और रजिया के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...