बच्चे के बार बार रसगुल्ला मांगने पर दरिंदगी, 11 साल के बच्चे को तंदूर में फेंकने का आरोप

Catering contractor's cruelty, Minor thrown into tandoor, Rasgulla controversy in Basti UP crime
बस्ती : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। छावनी थाना क्षेत्र के मलौली गोसाई गांव में एक शादी समारोह के दौरान कथित तौर पर एक कैटरिंग ठेकेदार ने 11 साल के मासूम बच्चे को सिर्फ रसगुल्ला खाने को लेकर हुए विवाद में जलते तंदूर में फेंक दिया।
जानकारी के अनुसार, गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव का रहने वाला 11 वर्षीय चमन अपनी मां के निधन के बाद बस्ती में अपने ननिहाल में रह रहा था। वह अपनी नानी के साथ एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने मलौली गोसाई गांव आया था। शादी में चल रहे भोज के दौरान चमन बार-बार रसगुल्ले निकालकर खाने लगा, जिस पर वहां मौजूद कैटरिंग ठेकेदार नाराज हो गया।
आरोप है कि ठेकेदार ने पहले बच्चे को डांटा और डराया, लेकिन जब वह नहीं माना तो उसने हैवानियत की हद पार करते हुए बच्चे को उठाकर जलते हुए तंदूर पर बैठा दिया। इसी दौरान बच्चा संतुलन खो बैठा और सीधे तंदूर के अंदर जा गिरा। तंदूर से उठती चीखों ने पूरे समारोह में हड़कंप मचा दिया।
परिजन तुरंत बच्चे को बाहर निकालकर इलाज के लिए पहले अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चा चेहरे से लेकर कमर तक बुरी तरह झुलस गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद आरोपी कैटरिंग ठेकेदार मौके से फरार हो गया। पीड़ित के मामा देवीदीन निषाद ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts