इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी गुप्ता के लिए प्रचार करने पहुंचे पूर्व सीएम हुड्डा

कुरुक्षेत्र, 16 मई। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और इंडिया गठबंधन के तहत कुरुक्षेत्र लोकसभा से प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता के समर्थन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कुरुक्षेत्र लोकसभा के हलकों में प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने जनता से डॉ. सुशील गुप्ता को भारी बहुमत से जिताने की अपील की।

नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अपने चुनाव लड़ने के लिए सक्षम है। लेकिन जो 26 दलों का गठबंधन हुआ है वो देश के संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए हुआ है। यदि संविधान बचेगा तो प्रजातंत्र बचेगा और यदि प्रजातंत्र बचेगा तो जनता के अधिकार बचेंगे। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का जो न्याय पत्र बना है। उसमें हर वर्ग जवान, बेरोजगार और महिलाओं के लिए एक लाख रुपए, किसानों को एमएसपी की गारंटी और कर्जा माफ किया जाएगा। आज केंद्र सरकार में 30 लाख नौकरियां खाली पड़ी हैं। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर एक साल में सभी नौकरियों को भरा जाएगा।

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार आने में अग्निवीर योजना को खत्म कर रेगुलर भर्ती की जाएगी। इस बार केवल लोकसभा का चुनाव नहीं है, ये आने वाली सरकार का भी फैसला करेगा। हरियाणा की 36 बिरादरी इंडिया गठबंधन को जिताने का मन बना चुकी है। क्योंकि आज हरियाणा बेरोजगारी और अपराध में नंबर वन है। बीजेपी का हरियाणा कौशल रोजगार निगम युवाओं के साथ धोखा है। इसमें न पक्की नौकरी, न पेंशन, न मेरिट और न आरक्षण है। इसलिए हरियाणा की जनता ने सरकार बदलने का मन बनाया है। बीजेपी ने लाडवा में एक काम भी नहीं किया। इसलिए इस बार कुरुक्षेत्र लोकसभा से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार डॉ. सुशील गुप्ता को भारी बहुमत से जीतकर संसद में भेजना है। डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आज पूरा देश लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहा है। बीजेपी इलेक्शन सिस्टम को खत्म कर चीन और रुस के रास्ते पर चलना चाहती है। बीजेपी ने मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के सभी बैंक खाते सीज कर दिए। आजाद हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार बीजेपी ने दो दो सीटिंग मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया। ये सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं का जितना अपमान मोदी सरकार में हुआ इतना कभी नहीं हुआ। देश की पहलवान बेटियों को एफआईआर लिखाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक जाना पड़ा। अब तो किसानों पर गाड़ी चढ़ाने वाले को टिकट दी जाती है। बीजेपी सरकार में हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने खुद कुरुक्षेत्र में आकर नवीन जिंदल को 1 लाख 86 हजार करोड़ का कोयला चोर कहा। फिर उसी से 1.96 करोड़ रुपए का चंदा लेकर उसको उम्मीदवार बना दिया। मैं पीएम मोदी को आमंत्रित करता हूं कुरुक्षेत्र की जनता को बताए कि वो देश के पैसे को किस तरीके से लूटा रहे हैं। मेरी कुरुक्षेत्र की जनता से प्रार्थना है कि आने वाली 25 मई को झाड़ू के निशान पर बटन दबाकर मुझे आशीर्वाद दें।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *