कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में अब सरकारी भर्तियां निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ हो रही हैं। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी नौकरी का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं की वर्षों की मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा का सम्मान है।
सपा पर योगी का तीखा हमला, सैफई सिंडिकेट पर कसा तंज
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस तेजी से नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे हैं, उसे सैफई सिंडिकेट गिन नहीं पाएगा। उसे तो केवल नोट गिनने की आदत रही है।
सीएम योगी ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें गिनती आती है तो वह अब तक वितरित किए गए नियुक्ति पत्रों की संख्या गिन लें। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार करीब पौने दस लाख नियुक्ति पत्र वितरित कर चुकी होगी।
मुख्यमंत्री ने सपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि चार बार सत्ता में रहने के दौरान समाजवादी पार्टी ने कितने युवाओं को रोजगार दिया, इसका जवाब भी जनता को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए, क्योंकि प्रदेश की जनता सब जानती है।
अब उपद्रव नहीं, संभावनाओं और रोजगार का प्रदेश यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब बदल चुकी है। पहले प्रदेश को उपद्रव और अव्यवस्था के लिए जाना जाता था, लेकिन आज यह निवेश, रोजगार और विकास की संभावनाओं का केंद्र बन रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी अभ्यर्थी से पैसे की मांग नहीं की गई और न ही किसी को धमकाने का प्रयास हुआ। पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है। यही नए उत्तर प्रदेश की पहचान है।
सीएम ने कहा कि युवाओं को बिना किसी सिफारिश और भ्रष्टाचार के उनकी योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
अगले सप्ताह 50 हजार युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर नियुक्ति पत्र वितरण का ऐलान भी किया। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह करीब 50 हजार और युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जाने की तैयारी है।
इसमें लगभग आठ हजार लेखपाल और 42 हजार होमगार्ड शामिल होंगे। इसके अलावा शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित करीब दो हजार अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार देने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सरकार का लक्ष्य युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है।
चाचा-भतीजे की जोड़ी पर भी साधा निशाना
सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और वसूली के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले सरकारी नौकरी का विज्ञापन जारी होते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए सक्रिय हो जाती थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय मेहनती और योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार नहीं मिल पाता था। परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाती थी। मुख्यमंत्री ने इस व्यवस्था की तुलना फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ से करते हुए भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का जिक्र किया।
उन्होंने 2015-16 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा के टॉपर का उदाहरण देते हुए दावा किया कि कम शैक्षणिक प्रदर्शन के बावजूद उसे शीर्ष स्थान दिलाया गया और एसडीएम पद पर चयन हुआ। सीएम ने कहा कि उसे टॉप करने नहीं दिया गया, बल्कि टॉप करवाया गया था।
आधुनिक तकनीक में आगे बढ़ रहे यूपी के युवा
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, 3डी प्रिंटिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने तकनीकी विश्वविद्यालयों में इन क्षेत्रों से जुड़े पाठ्यक्रम लागू कराए हैं। आज उत्तर प्रदेश के युवा ब्रह्मोस मिसाइल और कलाश्निकोव-203 राइफल जैसे रक्षा उत्पादन से जुड़े कार्यों में भी योगदान दे रहे हैं।
सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी प्रतिभा और मेहनत पर भरोसा रखें तथा मेरिट से कभी समझौता न करें।
कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रमुख सचिव वित्त एवं आईटी आलोक कुमार, सचिव वित्त मिनिस्ती एसजी, सचिव वित्त संदीप कौर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और अतिथि मौजूद रहे।

