सहारनपुर : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर चल रही खींचतान अब सहारनपुर की राजनीति में भी नया मोड़ लेती दिखाई दे रही है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के सीटों के बंटवारे और 26 सीटों से जुड़े बयान पर उनके दामाद शायान मसूद ने तीखा पलटवार किया है। शायान ने इमरान मसूद को सेल्फ विक्टिमाइजेशन का शिकार बताते हुए कहा कि वह जनता के मुद्दों के बजाय अपने व्यक्तिगत हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
शायान मसूद ने इमरान मसूद के भीख नहीं मांगने वाले बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर वह इतने बौखलाए हुए क्यों हैं? उन्होंने कहा कि जिस कमरे में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत हो रही है, उसी कमरे में इमरान मसूद भी बैठे हैं। ऐसे में उनकी नाराजगी और इस तरह की बयानबाजी का कोई औचित्य समझ नहीं आता।
‘कोई कटोरा देकर मीटिंग में नहीं भेजा गया’
शायान ने तंज कसते हुए कहा कि इमरान मसूद को कोई कटोरा देकर बैठक में नहीं भेजा गया था। गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा है। इसे भीख मांगने के रूप में पेश करना उचित नहीं है। राजनीतिक दल अपनी ताकत और चुनावी स्थिति के आधार पर सीटों पर चर्चा करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान मसूद की राजनीति व्यक्तिगत हितों के इर्द-गिर्द घूम रही है। शायान ने कहा कि उनकी लड़ाई जनता के हितों और भाजपा को हराने के लिए है। सहारनपुर में किसी नेता के चाहने से चुनावी नतीजे तय नहीं होंगे, बल्कि जनता जिसे समर्थन देगी, वही आगे आएगा।
बेहट और देहात सीट पर बढ़ी सियासी चर्चा
दरअसल, समाजवादी पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कुछ प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे की चर्चा तेज हो गई है। सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर देहात सीटों को लेकर भी राजनीतिक दावेदारी सामने आ रही है।
इमरान मसूद पहले ही कांग्रेस की हिस्सेदारी और सीटों के बंटवारे पर अपनी राय रख चुके हैं। उनके 26 सीटों और भीख नहीं मांगने वाले बयान के बाद अब शायान मसूद ने उन पर सीधा हमला बोला है।
गठबंधन से पहले अपनों के बीच बयानबाजी
सपा-कांग्रेस गठबंधन का मकसद भाजपा को चुनौती देना माना जा रहा है, लेकिन सीटों की दावेदारी ने राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। शायान मसूद के बयान ने सहारनपुर में नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि गठबंधन की बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है और दोनों दल बेहट व सहारनपुर देहात सीटों पर क्या रणनीति अपनाते हैं।

