वाराणसी में नितिन नबीन का मंथन, बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद युवाओं से संवाद; 2027 पर नजर

Nitin Nabin holds strategy discussions in Varanasi; interacts with youth after offering prayers at the Baba Vishwanath temple; eyes set on 2027.

वाराणसी : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और षोडशोपचार पूजन के साथ जलाभिषेक किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे। दर्शन-पूजन के बाद नितिन नबीन गांधी अध्ययन पीठ सभागार पहुंचे, जहां उन्होंने युवाओं और छात्रों से संवाद किया।

गांधी अध्ययन पीठ में आयोजित जेन जी संवाद कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नई पीढ़ी के युवाओं के विचार और उनकी अपेक्षाएं जानने की कोशिश की। कार्यक्रम में छात्रों से सीधे बातचीत कर उनके सवाल और सुझाव सुने गए। माना जा रहा है कि भाजपा संगठन आगामी चुनावों को देखते हुए युवाओं के साथ संवाद और उनकी भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दे रहा है।

पदाधिकारियों के साथ होगी मैराथन बैठक

युवाओं से संवाद के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मैराथन बैठक करेंगे। यह बैठक आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में संगठन की जमीनी स्थिति, बूथ प्रबंधन, शक्ति केंद्रों की सक्रियता और जनता के बीच पार्टी की पकड़ की समीक्षा की जाएगी।

नितिन नबीन के वाराणसी दौरे के पहले दिन भी संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बैठकें हुई थीं। उन्होंने चार अलग-अलग बैठकों में एमएलसी चुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं को लगातार संपर्क और संवाद बढ़ाने तथा ग्राउंड जीरो पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए।

एमएलसी चुनाव के बाद होगी समीक्षा

भाजपा अध्यक्ष ने एमएलसी चुनाव के परिणाम आने के बाद संगठन के प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा के संकेत दिए हैं। इसमें यह देखा जाएगा कि किस नेता के क्षेत्र में भाजपा को कितने वोट मिले और किन इलाकों में पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा।

उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि हर बूथ की मजबूती ही जीत की नींव है। इसके लिए बूथ समितियों और शक्ति केंद्रों को लगातार सक्रिय रखने की जरूरत है। नेताओं और कार्यकर्ताओं से जनता के बीच संपर्क बढ़ाने और उनकी समस्याओं को समझने का निर्देश भी दिया गया है।

पहले दिन जगतपुर में जनसभा

वाराणसी दौरे के पहले दिन नितिन नबीन ने जगतपुर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसभा को संबोधित किया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा और आने वाले 25 वर्षों के विजन पर चर्चा की।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया। भाजपा की रणनीति में बूथ स्तर के संगठन को सबसे अहम कड़ी बताया जा रहा है।

2027 के लिए संगठन को धार देने की तैयारी

नितिन नबीन के वाराणसी दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। मैराथन बैठक में बूथ प्रबंधन, युवा मतदाताओं से संवाद, संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है।

बाबा विश्वनाथ के दर्शन और युवाओं से संवाद के बाद अब भाजपा की नजर संगठनात्मक बैठक पर है। माना जा रहा है कि वाराणसी से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से 2027 के लिए जमीनी संगठन को और मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts