शामली : थाना आदर्शमंडी क्षेत्र के गांव गोहरपुर के जंगल में गुरुवार सुबह खेतों के ऊपर संदिग्ध ड्रोन उड़ता दिखाई देने से किसानों में हड़कंप मच गया। खेतों में काम कर रहे किसानों ने ड्रोन को देखा तो नलकूपों की रेकी किए जाने की आशंका जताई। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी नलकूपों से चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
बनत निवासी किसान जयवीर ने बताया कि गुरुवार सुबह खेतों में काम करने के दौरान उन्होंने एक ड्रोन को खेतों के ऊपर उड़ते देखा। इस इलाके में बड़ी संख्या में नलकूप हैं। ऐसे में आशंका है कि कोई शातिर व्यक्ति ड्रोन के जरिए नलकूपों की रेकी कर रहा हो। किसानों को डर है कि इसके बाद नलकूपों से चोरी की वारदात हो सकती है।
किसानों के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में गांव और आसपास के जंगलों में करीब 100 नलकूपों पर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। चोर बिजली के स्टार्टर, केबल, कटआउट समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। शिकायतों के बाद पुलिस ने कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन चोरी की घटनाएं पूरी तरह थमी नहीं हैं।
अब संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के बाद किसानों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम शामली सचिन राजपूत ने पुलिस को सूचना देने के साथ किसानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तहसील क्षेत्र में प्रशासन की ओर से किसी प्रकार का ड्रोन सर्वेक्षण नहीं कराया जा रहा है।
एसडीएम ने कहा कि यदि किसी को संदिग्ध ड्रोन दिखाई देता है तो तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। फिलहाल ड्रोन किसने उड़ाया और उसका उद्देश्य क्या था, यह स्पष्ट नहीं है। પોલીસ-प्रशासन मामले की जानकारी जुटा रहा है।

