सहारनपुर : जनपद में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मिर्जापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने रातभर चले चेकिंग अभियान के दौरान बिना रॉयल्टी और वैध प्रपत्रों के खनन सामग्री का परिवहन करते हुए 11 डंपर और एक JCB समेत कुल 12 वाहन सीज किए हैं। कई वाहनों में ओवरलोडिंग और नंबर प्लेट से जुड़ी अनियमितताएं भी सामने आईं।
सीओ प्रिया यादव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जिले में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी मिर्जापुर विनोद कुमार के नेतृत्व में 9/10 सितंबर की रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। मिर्जापुर पुलिस टीम ने गन्देवड़–हथनीकुण्ड और गन्देवड़–बादशाहीबाग मार्ग पर वाहनों की जांच की। इस दौरान खनन सामग्री लेकर जा रहे डंपरों और JCB को रोककर उनके दस्तावेज और रॉयल्टी की जांच की गई।
प्रारंभिक जांच में कई वाहनों के पास खनन सामग्री के परिवहन से संबंधित वैध प्रपत्र नहीं मिले। इसके अलावा कुछ वाहन ओवरलोड पाए गए, जबकि चार डंपरों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी 12 वाहनों को सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया। मामले में नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
सीज किए गए वाहनों में UP 11CT 8186, UP 11AT 8930, UP 11CT 8160, UP 11CT 2330, HR 58E 3022, HR 58E 6063 और UP 11DT 1411 नंबर के डंपर शामिल हैं। इसके अलावा HR 58D 9326, HR 58E 8268, HR 58C 1032 और HR 58E 1717 नंबर के चार डंपर बिना नंबर प्लेट के पाए गए। पुलिस ने UP 11DT 7278 नंबर की एक JCB को भी सीज किया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार, उपनिरीक्षक मुकेश सोलंकी, उपनिरीक्षक नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन खोखर, कांस्टेबल चिराग और कांस्टेबल राहुल मोतला शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

