त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ का पुलिस मुख्यालय में निधन, मौत के कारणों की जांच जारी

त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ का पुलिस मुख्यालय में निधन, मौत के कारणों की जांच जारी

अगरतला : त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ सोमवार को अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय में अपने कार्यालय में मृत पाए गए। इस घटना से पुलिस महकमे और प्रशासनिक तंत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उन्हें तत्काल जीबी पंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, मुख्य सचिव जे.के. सिन्हा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने पुलिस मुख्यालय स्थित उनके कार्यालय का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

कुछ शुरुआती मीडिया रिपोर्टों में आत्महत्या की आशंका जताई गई है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं से बचें।

1994 बैच के त्रिपुरा कैडर के आईपीएस अधिकारी अनुराग धनखड़ का तीन दशक से अधिक का शानदार सेवा रिकॉर्ड रहा। डीजीपी बनने से पहले वह त्रिपुरा पुलिस में डीजीपी (इंटेलिजेंस) के पद पर कार्य कर चुके थे। उन्होंने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

सीबीआई में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले से जुड़े भगोड़े कारोबारी नीरव मोदी मामले की जांच का नेतृत्व किया था। इसके अलावा उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों की विशेष जांच टीम (एसआईटी) के प्रमुख के रूप में भी कार्य किया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने कहा है कि आधिकारिक जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts