अमेठी : उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक दर्दनाक हादसे में मां और बेटे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब तालाब में गई भैंस को निकालने के लिए बेटा पानी में उतरा था। पानी अधिक होने के कारण वह डूबने लगा। बेटे को बचाने के लिए मां ने भी तालाब में छलांग लगा दी। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए। हादसे में परिवार का एक अन्य बेटा भी डूबने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना अमेठी थाना क्षेत्र के नुवावा गांव की है। पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी रमेश विश्वकर्मा की पत्नी गीता विश्वकर्मा (40) अपने बड़े बेटे दीपक (19) के साथ गांव के बाहर भैंस चराने गई थीं। इसी दौरान भैंस तालाब में चली गई। उसे बाहर निकालने के लिए दीपक तालाब में उतर गया। पानी अधिक होने के कारण वह अचानक डूबने लगा।
बेटे को डूबता देखकर मां गीता भी उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गईं। दोनों को डूबता देख उनका 14 वर्षीय छोटा बेटा आदर्श भी पानी में उतर गया। वह भी डूबने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह तीनों को तालाब से बाहर निकाला। आदर्श को बचा लिया गया, जबकि गीता और दीपक को अचेत अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि मृतक दीपक दिव्यांग था। परिवार में तीन भाई हैं। दूसरा भाई पंकज करीब दो महीने पहले काम के लिए अहमदाबाद गया है, जबकि छोटा भाई आदर्श हादसे में बच गया। परिवार की एक बहन अंजली की शादी हो चुकी है।
मां-बेटे की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

