फरीदाबाद : सूरजकुंड की ऐतिहासिक धरती रविवार को नशामुक्ति और स्वस्थ जीवन के संदेश से गूंज उठी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजन में 1 लाख 35 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने अलग-अलग श्रेणियों में दौड़ लगाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ सड़क पर दौड़ नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ प्रदेश की सामूहिक चेतना और संकल्प की आवाज है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। हर परिवार, स्कूल और गांव को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने माता-पिता और शिक्षकों से बच्चों के साथ खुलकर संवाद करने की अपील की।
अलग-अलग दूरी, लक्ष्य एक
मैराथन में 21.1 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की श्रेणियां रखी गई थीं। युवाओं के साथ महिलाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों की उम्र और दौड़ की दूरी अलग-अलग रही, लेकिन संदेश एक ही था-नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज का निर्माण।
मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनत, खेल और पराक्रम से है। युवाओं को अपनी ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि खेल, शिक्षा, कौशल, रोजगार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा शरीर को कमजोर करने के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है।
इन धावकों ने हासिल किए स्थान
21.1 किलोमीटर पुरुष वर्ग में प्रशांत चौधरी विजेता रहे। विक्रम सिंह प्रथम रनर-अप और अनुज मीणा द्वितीय रनर-अप रहे। महिला वर्ग में सोनिका ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि मानव राणा प्रथम रनर-अप और भूमिका द्वितीय रनर-अप रहीं।
10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में रोहित कुमार विजेता, गौरव प्रथम रनर-अप और निशांत करहाना द्वितीय रनर-अप रहे। वहीं 10 किलोमीटर महिला वर्ग में नीरू रानी ने प्रथम स्थान हासिल किया। सोनिया उपाध्याय प्रथम रनर-अप और रीमा पटेल द्वितीय रनर-अप रहीं।
मुख्यमंत्री ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ दिलाई। प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे खुद नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने भी मैराथन को नशे के खिलाफ जनजागरूकता का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नशे के खिलाफ अभियान जारी है और लोगों में मैराथन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन के दौरान सूरजकुंड परिसर में ‘भारत माता की जय’ के जयघोष सुनाई दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद से उठी नशामुक्ति की आवाज हर जिले, गांव और घर तक पहुंचना ही इस अभियान की वास्तविक सफलता होगी।

