मसूरी सुमित मौत मामला: प्रेमिका समेत दो लोगों पर हत्या का मुकदमा, पुलिस जांच में जुटी

Murder in Haridwar

देहरादून : मसूरी क्षेत्र में युवक सुमित पाल का शव मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में सुमित की कथित प्रेमिका समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सुमित पाल 8 जुलाई 2026 से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 14 जुलाई को मसूरी के हाथीपांव रोड स्थित नाग मंदिर के पास जंगल से उसका शव बरामद हुआ। शव सड़ी-गली अवस्था में था और उसे जंगली जानवरों ने भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतक की बहन ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि सुमित का चमोली निवासी एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। परिवार का आरोप है कि इसी संबंध के चलते उसकी हत्या की गई। तहरीर में युवती समेत दो लोगों की भूमिका पर संदेह जताते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। इससे पहले 15 जुलाई को परिजनों ने नेहरू कॉलोनी थाने के बाहर प्रदर्शन कर हत्या की आशंका जताई थी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मृतक की बहन की शिकायत के आधार पर युवती समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि तहरीर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य तथा अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts