सहारनपुर में नशे के खिलाफ ‘ऑपरेशन सवेरा’ की बड़ी कार्रवाई! 20 लाख की चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

Drug Smuggler Arrested

सहारनपुर : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में ‘ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान के तहत थाना मिर्जापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 469 ग्राम अवैध चरस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में मंडल के तीनों जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ‘ऑपरेशन सवेरा’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और एसपी ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में मिर्जापुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

गश्त और चेकिंग के दौरान मिली सफलता

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को थाना मिर्जापुर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को ग्राम मिर्जापुर से पाडली जाने वाले मार्ग पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को युवक के कब्जे से 469 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुर्सलीन पुत्र रफीक, निवासी ग्राम महमूद मजरा रायपुर, थाना मिर्जापुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना मिर्जापुर में मु.अ.सं. 218/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई में जुटी है।

कहां से आती थी चरस? नेटवर्क की जांच शुरू

एसपी देहात मयंक पाठक के अनुसार, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आता था और इसकी सप्लाई किन लोगों को करता था।

पुलिस आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है। पुलिस का उद्देश्य नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचना है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2018 में थाना मिर्जापुर में चोरी और अवैध हथियार रखने से संबंधित दो मुकदमों में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई को थाना मिर्जापुर पुलिस की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अवशेष भाटी, हेड कांस्टेबल अमित राठी, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार और कांस्टेबल कपिल कुमार शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का दावा है कि ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत लगातार गश्त, चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। नशे की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पुलिस मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts