सहारनपुर : सहारनपुर पुलिस ने थाना चिलकाना क्षेत्र में दर्ज युवती के अपहरण, दुष्कर्म और कथित जबरन धर्म परिवर्तन के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से युवती के मूल दस्तावेज, धर्म परिवर्तन से संबंधित शपथ-पत्र और धर्म परिवर्तन के बाद बनवाया गया आधार कार्ड भी बरामद किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 25 जुलाई 2026 को युवती के पिता ने थाना चिलकाना में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री को आरोपी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत में कहा गया कि आरोपी ने युवती का ब्रेनवॉश किया और मुस्लिम धर्म के बारे में झूठी बातें बताते हुए आर्थिक सहायता, नौकरी और भौतिक सुख-सुविधाओं का लालच देकर उसका धर्म परिवर्तन कराया। साथ ही युवती के साथ दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया गया।
इस शिकायत के आधार पर थाना चिलकाना में मु0अ0सं0 265/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87, 64(1), 61(2) तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धारा 3/5(1) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की।
रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कच्चा-पक्का दुमझेड़ा से पठेड़ जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी शौकीन पुत्र मुस्तकीम, निवासी ग्राम फिरोजाबाद, थाना चिलकाना, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से युवती का मूल आधार कार्ड, मूल पैन कार्ड, धर्म परिवर्तन कराने संबंधी शपथ-पत्र तथा धर्म परिवर्तन के बाद बनवाया गया आधार कार्ड बरामद हुआ है।
बरामद दस्तावेजों को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बना लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

