सहारनपुर : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर पश्चिमी यूपी की राजनीति में हलचल मचा दी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सहारनपुर की बेहट विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक उमर अली खान को लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। पार्टी के इस फैसले के बाद सहारनपुर की सियासत में नए समीकरण बनने लगे हैं। खासतौर पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि सपा के इस कदम से कांग्रेस की सीटों को लेकर उम्मीदों को झटका लग सकता है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच इंडिया गठबंधन को लेकर सीटों के बंटवारे पर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि बेहट विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व अपने करीबी चेहरे को चुनाव लड़ाना चाहता था। लेकिन अखिलेश यादव ने पहली सूची में ही उमर अली खान के नाम पर मुहर लगाकर गठबंधन की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। इस घटनाक्रम को कांग्रेस के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, उमर अली खान ने गठबंधन में किसी तरह के विवाद या नाराजगी से इनकार किया है।
तीसरी बार टिकट मिलने पर अखिलेश यादव का जताया आभार
बेहट विधायक उमर अली खान ने तीसरी बार टिकट मिलने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह बेहट की जनता के आशीर्वाद और समर्थन का परिणाम है। उन्हें पूरा विश्वास है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता एक बार फिर उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनेगी।
उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश के अंदर PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की एकजुटता के आधार पर समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उमर अली खान ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में विपक्षी विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है। सत्ता पक्ष के विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई, जबकि विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों की लगातार अनदेखी हुई।
इमरान मसूद को बताया बड़ा भाई, गठबंधन में कलह से किया इनकार
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के साथ संभावित राजनीतिक खींचतान के सवाल पर उमर अली खान ने कहा कि इमरान मसूद उनके बड़े भाई हैं। उन्होंने कहा कि यहां भी उनके छोटे भाई को ही टिकट मिला है। गठबंधन में किसी तरह की नाराजगी या विवाद नहीं है और सब कुछ ठीक चल रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए सभी विपक्षी दलों को मिलकर चुनाव लड़ना होगा। हालांकि, बेहट सीट पर सपा की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस-सपा के बीच सीटों के तालमेल को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जरूर बढ़ गई हैं।
प्लाइवुड फैक्ट्री से किसानों और युवाओं को रोजगार दिलाने की मांग
विधायक उमर अली खान ने बेहट विधानसभा क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बेहट का बड़ा हिस्सा घाड़ क्षेत्र में आता है, जहां विकास और रोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र की कई समस्याओं को विधानसभा में उठाया, लेकिन अभी भी बहुत से महत्वपूर्ण कार्य होने बाकी हैं।
उन्होंने सहारनपुर में प्लाइवुड फैक्ट्री स्थापित कराने को अपनी प्रमुख मांग बताया। उमर अली खान के मुताबिक, सहारनपुर में यूकेलिप्टस और पॉपुलर की खेती बड़े पैमाने पर होती है। इसके बावजूद जिले में लकड़ी आधारित उद्योगों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ऐसे में किसानों को अपनी लकड़ी बेचने के लिए हरियाणा के यमुनानगर जाना पड़ता है। इससे उन्हें परिवहन खर्च और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब सहारनपुर में प्लाइवुड उद्योग के लिए कच्चा माल उपलब्ध है तो यहां फैक्ट्रियां क्यों नहीं स्थापित की जा रही हैं? उनका कहना है कि जिले में प्लाइवुड उद्योग विकसित होने से किसानों को लकड़ी का बेहतर बाजार मिलेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और जिले की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
शिवालिक की पहाड़ियों में पर्यटन की अपार संभावनाएं
उमर अली खान ने बेहट क्षेत्र में पर्यटन विकास को भी अहम मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि शिवालिक की पहाड़ियों में प्राकृतिक संपदा और वन्यजीवों की भरपूर संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र में इको-टूरिज्म और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को विकसित किया जा सकता है।
उनका मानना है कि यदि सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम करे तो बेहट क्षेत्र को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
चिलकाना-गंदेवड़ मार्ग को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
सड़क और पुलों की बदहाल स्थिति को लेकर विधायक ने भाजपा सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने चिलकाना-गंदेवड़ मार्ग का उदाहरण देते हुए कहा कि यह सड़क दो विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरती है। उनके आरोप के मुताबिक, जिन हिस्सों में भाजपा के विधायक हैं, वहां सड़क का निर्माण करा दिया गया, जबकि विपक्षी विधायक के क्षेत्र में सड़क की हालत खराब बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग उत्तर प्रदेश के साथ हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड को जोड़ने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद सड़क की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि इस मार्ग का बेहतर निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी लाभ होगा।
मुर्तजापुर पुल और अब्दुल्लापुर की पुलिया का मुद्दा उठाया
विधायक ने मुर्तजापुर में नदी पर पुल निर्माण का मामला भी उठाया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री ने यहां पुल बनवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो सका है।
इसी तरह अब्दुल्लापुर की पुलिया का निर्माण भी लंबे समय से लंबित है। यह पुलिया आसपास के कई गांवों को आपस में जोड़ती है। इसके निर्माण में देरी के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। खासकर बरसात के मौसम में लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।
बेहट सीट पर बढ़ी सियासी हलचल, गठबंधन के सामने नई चुनौती
समाजवादी पार्टी की पहली प्रत्याशी सूची जारी होने के बाद बेहट विधानसभा सीट सहारनपुर की राजनीति का केंद्र बन गई है। उमर अली खान को तीसरी बार टिकट देकर सपा ने अपनी चुनावी रणनीति का संकेत दे दिया है। दूसरी ओर कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इंडिया गठबंधन में बेहट सीट को लेकर अंतिम सहमति किस तरह बनती है। क्या कांग्रेस सपा के फैसले के साथ खड़ी रहेगी या सीट को लेकर राजनीतिक बातचीत का नया दौर शुरू होगा? फिलहाल उमर अली खान अपनी जीत और PDA सरकार बनने का दावा कर रहे हैं। वहीं 2027 के चुनाव से पहले सहारनपुर की सियासत में गठबंधन की रणनीति और विकास के मुद्दे निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

