सहारनपुर : जनपद सहारनपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 83 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 16 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 5,600 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 11 अक्टूबर 2026 को थाना तीतरों पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने गश्त एवं चेकिंग के दौरान गढ़ीपुख्ता रोड पर की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोएब पुत्र साजिद निवासी ग्राम तितरवाड़ा, थाना कैराना, जनपद शामली और आस मोहम्मद उर्फ आशु पुत्र रियासत निवासी ग्राम नवाजपुर, थाना नकुड़, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि वे अपने एक साथी के कहने पर बरेली से स्मैक लेकर आए थे। उनके अनुसार बरेली में एक व्यक्ति को पैसे देने के बाद उन्हें स्मैक के दो अलग-अलग पैकेट मिले थे। प्रत्येक पैकेट में लगभग एक किलो स्मैक थी। आरोपियों ने यह भी बताया कि उनके तीसरे साथी, जो आस मोहम्मद का सगा बहनोई है, ने उन्हें मोबाइल फोन और सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे। पुलिस इस जानकारी के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना तीतरों में मुकदमा संख्या 138/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों के कथित नशा तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकों की जांच कर रही है, ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके। शोएब और आस मोहम्मद के खिलाफ पूर्व में दर्ज मामलों का विवरण भी सामने आया है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। सहारनपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस का अभियान “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” नशे की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

