लखनऊ : लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक ट्यूशन टीचर ने दलित किशोरी के साथ रेप किया। उसने धमकी दी कि अगर उसने विरोध किया तो वह उसकी ज़िंदगी बर्बाद कर देगा। जब वह प्रेग्नेंट हो गई तो आरोपी ने उसका अबॉर्शन भी करा दिया। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने टीचर के खिलाफ रेप और SC/ST एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है।
बिजनौर जिले की रहने वाली 13 साल की लड़की अपने परिवार के साथ सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में रहती है। वह 9वीं क्लास की स्टूडेंट है। उसके माता-पिता सरकारी कर्मचारी हैं। पुलिस में दी गई शिकायत में लड़की के पिता ने बताया कि मूल रूप से गोमती एन्क्लेव, बबेरू, बांदा का रहने वाला वीर सिंह यादव उसे ट्यूशन पढ़ाता था। आरोप है कि 22 जनवरी को जब लड़की के माता-पिता काम पर गए हुए थे, तो दादी घर के बाहर धूप में बैठी थीं। उन्हें अकेला पाकर आरोपी ने किशोरी के साथ जबरन रेप किया।
जब उसने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उसकी ज़िंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। लोकलज्जा के डर से किशोरी चुप रही। इसके बाद आरोपी ट्यूशन पढ़ाने के बहाने दोपहर में अक्सर उसके घर आने लगा। उसने उसे ब्लैकमेल किया और 12 फरवरी तक कई बार रेप किया। किशोरी जब प्रेग्नेंट हो गई तो उसने उसे अबॉर्शन के लिए दवा दे दी। जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसने अपनी मां को आपबीती बताई।
उसके माता-पिता ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आरोपी खुद को पूर्व मुख्यमंत्री का करीबी बताता है। किशोरी के पिता के मुताबिक आरोपी काफी रसूखदार है और समाजवादी पार्टी से जुड़ा है। इसके अलावा, उसके पास दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ अपनी तस्वीरें भी हैं। वह अपनी इमेज चमकाने के लिए लोगों को ये तस्वीरें दिखाता है। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए चार टीमें बनाई गई हैं।

