सहारनपुर : सहारनपुर के जनकपुरी थाने में उस समय हड़कंप मच गया जब ट्रांसपोर्ट नगर में थाने के पास दिनदहाड़े एक बड़ी लूट हुई। तीन बदमाशों ने रुड़की के रामनगर के एक चोकर व्यापारी से सात लाख रुपये कैश लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। व्यापारी से घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है।
संजीव कुमार के बेटे अंश मेहंदी ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में प्रेम लक्ष्मी रोड लाइंस नाम से उनका चोकर का गोदाम है। सुबह करीब 11 बजे वह अपने पिता को गोदाम में छोड़कर अपने कर्मचारी नईम के साथ कार के टायर बदलवाने के लिए MRF शोरूम गए थे। जब वे लौटे तो देखा कि गोदाम का गेट बंद था। कर्मचारी फिरोज और रवीश बाहर नहीं निकल पा रहे थे। जब कर्मचारी ऑफिस पहुंचे तो उन्होंने व्यापारी संजीव कुमार को बाहर घायल अवस्था में पड़ा देखा।
कर्मचारियों ने बताया कि तीन बदमाश हथियारों से लैस होकर आए थे और गोदाम का गेट बाहर से बंद कर दिया। घायल व्यापारी संजीव कुमार ने बताया कि तीनों बदमाशों के पास पिस्तौल थी। उन्होंने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी और उससे ₹7 लाख लूटकर भाग गए। संजीव कुमार के मुताबिक, दो बदमाशों ने अपना चेहरा ढका हुआ था, जबकि तीसरा नीचे सीढ़ियों पर पहरा दे रहा था। जब दोनों बदमाश लूट कर रहे थे, तभी तीसरा युवक भी ऊपर आ गया।
दिनदहाड़े हुई लूट से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जनकपुरी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आस-पास लगे CCTV फुटेज की जांच शुरू की। लूट के बाद सभी बदमाश CCTV कैमरों में देहरादून रोड दूधली की तरफ जाते दिखे। SP सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि जनकपुरी थाना क्षेत्र में एक व्यापारी से लूट का मामला सामने आया है। थाना पुलिस को लुटेरों को पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रांसपोर्ट नगर और आसपास के इलाकों के सभी CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। रुड़की के रहने वाले संजीव कुमार ट्रांसपोर्ट नगर में चोकर का कारोबार करते थे। तीन अपराधियों ने उसे गनपॉइंट पर लिया, क्राइम किया और पैदल देहरादून रोड की तरफ भाग गए। पुलिस CCTV फुटेज चेक कर रही है।

