इटावा : यादव कथावाचक से मारपीट और अभद्रता के मामले में गुरुवार को इटावा में बवाल हो गया। गुरुवार को अहीर रेजीमेंट और यादव संगठन के करीब 2 हजार लोगों ने दो जगहों पर प्रदर्शन किया। पहला बकेवर थाने के सामने हुआ। कथावाचक के दो साथियों को छुड़ाने के लिए लोगों ने थाने का घेराव किया। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया, जिसमें एक वाहन का शीशा टूट गया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने 12 थानों की फोर्स बुलाई और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। हवाई फायरिंग भी की गई। यहां पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया है। दूसरा प्रदर्शन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। एक्सप्रेसवे पर यादव समाज के लोगों ने बाइक रैली निकाली। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर बढ़ गए।
दरअसल, कथावाचक की पिटाई के विरोध में यादव समाज संगठन के अध्यक्ष गगन यादव ने प्रदर्शन किया था। उन्होंने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ आज यानी 26 जून को इटावा आने का ऐलान किया था। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके विरोध में कई जिलों से यादव समाज के लोग इटावा पहुंचे। इटावा के दादरपुर गांव में प्रदर्शनकारी आने-जाने वाले लोगों की जाति पूछकर उन्हें आगे जाने दे रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस से प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक हो गई। यादव समाज के लोगों ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया। पथराव में पुलिस की एक गाड़ी का आगे का शीशा टूट गया।
एसपी ग्रामीण के साथ ही बकेवर, इकदिल, लवेदी, चकरनगर, भरथना, सैफई, ऊसराहार समेत 12 थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। दादरपुर गांव के रास्ते पर पुलिस फोर्स के साथ दो सीओ तैनात हैं। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों के वाहनों को हाईवे पर ही कब्जे में ले लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। फिर वह बाइक पर सवार होकर हजारों की भीड़ के साथ सड़क पर नारेबाजी करने लगे। एएसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि कुछ लोगों ने गांव के पास हंगामा करने की कोशिश की थी। पुलिस ने कोई गोली नहीं चलाई। पुलिस वाहन पर पथराव किया गया। कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है।