देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज 25 जून को आयोजित कैबिनेट बैठक संपन्न हो गई है। कैबिनेट बैठक करीब सवा दो घंटे चली। कैबिनेट बैठक में कुल चार प्रस्तावों पर सहमति बनी है। कैबिनेट बैठक के दौरान कैबिनेट में आगामी मानसून सत्र को लेकर चर्चा की गई। कैबिनेट ने मानसून सत्र की तारीख और स्थान निर्धारित करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया है।
ऐसे में सीएम तय करेंगे कि मानसून सत्र कब और कहां बुलाया जाएगा। कैबिनेट ने अहम फैसले में शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 7 मार्च 2025 को विशेष शिक्षा शिक्षकों की भर्ती के आदेश दिए थे। जिसके बाद सरकार ने 20 मार्च 2025 को 135 विशेष शिक्षा शिक्षकों के पद सृजित किए। ऐसे में विशेष शिक्षा शिक्षकों के 135 सृजित पदों पर भर्ती के लिए उत्तराखंड विशेष शिक्षा शिक्षक सेवा नियमावली, 2025 में संशोधन किया गया। जिसके बाद कैबिनेट बैठक में उत्तराखंड विशेष शिक्षा शिक्षक सेवा नियमावली, 2025 के प्रख्यापन को मंजूरी दे दी गई है।
उत्तराखंड विशेष शिक्षा शिक्षक सेवा नियमावली 2025 को मंजूरी। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) चरण तीन के शुरू होने की स्थिति में इस कार्यक्रम को लागू करने के लिए पंचायती राज विभाग को अधिकृत किया गया। 1 अप्रैल 2026 से पंचायती राज विभाग को अधिकृत करने का निर्णय लिया गया।
उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा का दूसरा मानसून सत्र वर्ष 2025 में आहूत करने को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने स्थान और तिथि निर्धारित करने के लिए सीएम धामी को अधिकृत किया। एकल सदस्यीय समर्पित आयोग की तीसरी रिपोर्ट पर अध्ययन कर सुझाव प्रस्तुत करने के लिए गठित कैबिनेट उप समिति के सुझाव और संस्तुतियां कैबिनेट के समक्ष रखी गईं।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...