सहारनपुर : स्मार्ट सिटी सहारनपुर नगर निगम इन दिनों एक्शन मोड़ में नजर आ रहा है। यही वजह है कि महानगर में हुए अतिक्रमण के साथ सड़कों और गलियों में गंदगी फैलाने वाले पशुओं को भी जब्त कर रहा है। मंगलवार को नगर निगम ने सड़क पर पशु बांधकर गंदगी फैलाने वाले एक पशु डेयरी संचालक की दो गाय जब्त की हैं। इस दौरान डेयरी संचालक ने निगम की इस कार्रवाई का विरोध किया लेकिन उसकी एक नहीं चली और जब्त पशुओं को निगम की गौशाला ले आया गया। नगर निगम की इस कार्यवाई से अन्य डेयरी संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

आपको बता दें कि नवांगतुक नगरायुक्त शिपू गिरी ने नगर निगम का चार्ज संभालते ही एक्शन लेना शुरू कर दिया है। जहां सड़कों पर हुए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है वहीं डेयरी संचालकों की मनमानी से गलियों में गंदगी फैलाने वाले पशुओं पर जब्तीकरण की कार्यवाई की जा रही है। नगर निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ.संदीप मिश्रा के नेतृत्व में प्रवर्तन दल की टीम आज नवाबगंज चौक पर आबकारी विभाग के पास पहुंची। जहां एक डेयरी संचालक के पालतू पशु सड़क पर बांधे हुए थे। पशुओं का गोबर भी नालियों एवं सड़कों पर फैला हुआ था। गोबर के कारण गली में गंदगी और दुर्गन्ध आ रही थी। आलम यह था कि आसपास के मोहल्ले वासियों का इस गली से निकलना दुर्भर हो रहा था।
पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ.संदीप मिश्रा ने बताया कि पूर्व में कई बार उक्त डेयरी संचालक को चेतावनी दी जा चुकी थी, कि वे सड़क पर पशु न बांधे और सड़कों व नालियों में गोबर न बहाए। लेकिन डेयरी संचालक पर चेतावनी का कोई असर नहीं हुआ। इस पर आज निगम की टीम ने सड़क पर बंधी दो गायों को जब्त कर लिया और निगम की गौशाला भेज दिया। निगम टीम की इस कार्रवाई का डेयरी संचालक ने विरोध किया, लेकिन उसकी एक नहीं चली। पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यदि पशु डेयरी संचालक सड़कों पर प्शु बांधना, सड़कों पर गंदगी फैलाना और नालियों में गोबर बहाना बंद नहीं करेंगे तो उन्हें बिल्कुल बख्शा नहीं जायेगा। ऐसे पशु डेयरी संचालकों के प्शु भी जब्त किये जायेंगे और जुर्माना लगाने के साथ ही एफ आई आर भी करायी जायेगी। Saharanpur News
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...