लखनऊ में BJP कोर कमेटी की बैठक, सेवा संकल्प अभियान और 2027 चुनाव की रणनीति पर मंथन

BJP Core Group Meeting in Lucknow

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और सह प्रभारी जगदीश पटेल शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत यूपी बीजेपी कोर कमेटी के अन्य सदस्य भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर चर्चा हुई। इस दौरान पार्टी की ओर से अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में इन कार्यक्रमों की रूपरेखा, आयोजन और संगठन की भूमिका को लेकर पदाधिकारियों को जानकारी दी गई।

सेवा संकल्प अभियान पर विशेष फोकस

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में तय किया गया कि इन कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए सेवा और जनसरोकार से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के साथ संगठन को भी सक्रिय किया जाएगा। पार्टी स्तर पर अभियान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

2027 के लिए किन मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी BJP?

कोर कमेटी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी विस्तार से मंथन हुआ। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाना है और किस तरह उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनानी है, इस पर चर्चा की गई।

बैठक में डबल इंजन सरकार के कार्यों और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार किया गया। पार्टी की कोशिश है कि सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए और चुनाव से पहले संगठन को पूरी तरह सक्रिय किया जाए।

जल्द गठित होगी प्रदेश कार्यसमिति

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष का पद संभाला है। ऐसे में प्रदेश कार्यसमिति का गठन भी किया जाना है। इसको लेकर राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ चर्चा हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति का गठन बहुत जल्द किया जाएगा। माना जा रहा है कि नई कार्यसमिति में संगठन को चुनावी जरूरतों के मुताबिक मजबूत करने पर जोर रहेगा।

अखिलेश यादव पर भाजपा का पलटवार

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सत्ता में वापसी के दावे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पलटवार किया। पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के दावे को “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” बताया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा एक बार फिर उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी 2027 चुनाव की तैयारियों को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में जो काम किए हैं और जनता के लिए जो योजनाएं लाई गई हैं, उन्हें जन-जन तक पहुंचाना है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल कर उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है। अखिलेश यादव के बयानों पर उन्होंने कहा कि वह केवल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव से सत्ता में आने का ख्वाब भूलने की बात कही और दावा किया कि जनता एक बार फिर भाजपा को बहुमत देगी।

मुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस कल

बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे तो प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री के रवाना होने के दौरान तय किया गया कि अगले दिन भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

कोर कमेटी की बैठक से साफ है कि भाजपा ने 2027 के चुनाव को लेकर संगठनात्मक और राजनीतिक तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। सेवा संकल्प अभियान के जरिए जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ पार्टी अब चुनावी रणनीति को भी धार देने में जुट गई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts