गोरखपुर : आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। गोरखपुर को ‘स्पेन’ बनाए जाने के दावे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ नाम बदलने से शहर की जमीनी तस्वीर नहीं बदलती।
चंद्रशेखर ने व्यंग्य करते हुए कहा कि पहले नेपाल ऐसा देश था, जहां बिना पासपोर्ट के जा सकते थे, लेकिन अब गोरखपुर को ‘स्पेन’ बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर पहुंचने के बाद वह यह देखने निकले कि आखिर ‘स्पेन’ कहां है, लेकिन उन्हें शहर में गंदगी, जलभराव और खराब सफाई जैसी समस्याएं ही दिखाई दीं।
अंकित बालियान हत्याकांड पर उठाए सवाल
सांसद ने अंकित बालियान की दिनदहाड़े हत्या का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भले ही मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया हो और दो आरोपियों का एनकाउंटर किया गया हो, लेकिन इससे पीड़ित को वापस नहीं लाया जा सकता।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल किया कि यदि प्रदेश से माफिया और अपराधी खत्म हो गए हैं तो फिर दिनदहाड़े हत्याएं कैसे हो रही हैं? चंद्रशेखर ने कहा कि अंकित बालियान की हत्या में एक-दो नहीं बल्कि कई राउंड गोलियां चलीं। ऐसी घटनाएं बताती हैं कि अपराधियों के मन में कानून का डर कितना है।
एम्स की व्यवस्था पर भी निशाना
गोरखपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चंद्रशेखर ने एम्स का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि एम्स जैसा प्रतिष्ठित संस्थान होने के बावजूद वहां छह गेट हैं, लेकिन आम तौर पर केवल एक गेट खुला रहता है। उन्होंने हाल में एक व्यक्ति की मौत का हवाला देते हुए इसे गंभीर अव्यवस्था बताया।
उन्होंने कहा कि शहर का नाम बदलने के बजाय सरकार को लोगों की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। गंदगी, जलभराव और सफाई जैसी समस्याएं आज भी लोगों के सामने हैं।
बेरोजगारी और पेपर लीक का मुद्दा
चंद्रशेखर ने बेरोजगार युवाओं और छात्रों के मुद्दे भी उठाए। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं पर सवाल करते हुए कहा कि सरकार को युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने लाने की जरूरत बताई।
उन्होंने ‘Gen Z मूवमेंट’ का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी टीम पिछले करीब 10 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रही है। भीम आर्मी की पाठशालाओं को उन्होंने इसी प्रयास का उदाहरण बताया।
मऊ में भी सरकार को घेरा
गोरखपुर के बाद मऊ के मधुबन विधानसभा क्षेत्र पहुंचे चंद्रशेखर ने बाढ़, जलभराव, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और आरक्षण जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। गोरखपुर को ‘स्पेन’ कहे जाने पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सांसद रवि किशन पर तंज कसते हुए कहा कि वह तो वीजा काउंटर तलाशने लगे थे कि कहीं पासपोर्ट की जरूरत न पड़ जाए।
उन्होंने कहा कि बाद में पता चला कि गोरखपुर अभी स्पेन नहीं बना है। उनके मुताबिक, एक-दूसरे को खुश करने के लिए नाम बदलने या दावे करने से जनता की समस्याएं खत्म नहीं होतीं। सरकार को नाम और प्रचार के बजाय जमीनी हालात सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।

